पंजाब विधानसभा के बाहर पीड़ित परिवार का प्रदर्शन: बेटे की हत्या के इंसाफ के लिए अबोहर से पहुंचे परिजन, बीजेपी नेताओं ने घेरी सरकार

पंजाब विधानसभा के बाहर पीड़ित परिवार का प्रदर्शन: बेटे की हत्या के इंसाफ के लिए अबोहर से पहुंचे परिजन, बीजेपी नेताओं ने घेरी सरकार

पंजाब के अबोहर में हाल ही में अजय नामक युवक की गोली मारकर हत्या किए जाने के मामले में पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पंजाब भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ और अश्विनी शर्मा मृतक की माता मंजू और बहन सिमरनजोत को साथ लेकर चंडीगढ़ में पंजाब विधानसभा के बाहर पहुंचे। इस दौरान नेताओं और परिजनों ने विधानसभा के बाहर प्रदर्शन करते हुए राज्य सरकार की घेराबंदी की और हत्या में शामिल आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की कड़ी मांग उठाई। मृतक अजय की माता मंजू ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए बताया कि 27 सितंबर को अजय कुमार पर गोलियां चलाकर कातिलाना हमला किया गया था, जिसकी इलाज के दौरान लुधियाना के डीएमसी अस्पताल में मौत हो गई। उन्होंने दुख व्यक्त करते हुए कहा कि अजय ने अपनी मौत से पहले पुलिस के पास अपने बयान दर्ज करवाए थे, इसके बावजूद पुलिस ने अब तक मुख्य हत्यारों को गिरफ्तार नहीं किया है। इस मौके पर पंजाब भाजपा के पूर्व अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने भी पंजाब पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मृतक द्वारा पुलिस को बयान दर्ज करवाने के बावजूद हमलावरों को गिरफ्तार न किया जाना बेहद निंदनीय है। जाखड़ ने ऐलान किया कि जब तक पंजाब विधानसभा का सत्र चल रहा है, तब तक वे पीड़ित परिवार को लेकर रोजाना विधानसभा के बाहर पहुंचेंगे और परिवार को इंसाफ दिलाने के लिए अपनी आवाज बुलंद करेंगे। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि यदि इसके बाद भी पंजाब सरकार ने पीड़ित परिवार की सुध नहीं ली, तो मुख्यमंत्री भगवंत मान की रिहाइश का घेराव किया जाएगा।