ब्रिटिश कोलंबिया की राजनीति गरड़ाई: पूर्व प्रीमियर क्रिस्टी क्लार्क ने ‘मूर्ख महिला’ वाले बयान पर दी सफाई
ब्रिटिश कोलंबिया की पूर्व प्रीमियर क्रिस्टी क्लार्क ने अपने उस दावे से कुछ हद तक पीछे हटते हुए स्पष्टीकरण दिया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि प्रांत के पूर्व प्रीमियर दिवंगत जॉन हॉरगन और वर्तमान प्रीमियर डेविड एब्बी ने एलएनजी (LNG) उद्योग को बढ़ावा देने के कारण उन्हें ‘मूर्ख महिला’ कहा था। गुरुवार को अपने बयान में क्लार्क ने कहा कि विपक्ष में रहने के दौरान एब्बी और हॉरगन ने उनकी सरकार के साथ बातचीत करते समय बेहद अपमानजनक लहजे का इस्तेमाल किया था। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी टिप्पणियों में लिंग-आधारित (जेंडर-बेस्ड) संकेत भी शामिल थे। दूसरी ओर, वर्तमान प्रीमियर डेविड एब्बी ने इन तमाम आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए इन्हें “पूरी तरह झूठी और बेतुकी बातें” करार दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उन्होंने और उनकी पार्टी ने क्लार्क की एलएनजी नीति का विरोध केवल इसलिए किया था क्योंकि वे नियमों और मानकों में किसी भी प्रकार की ढील देने के पक्ष में नहीं थे। उल्लेखनीय है कि यह ताजा राजनीतिक विवाद ऐसे समय में सामने आया है जब ब्रिटिश कोलंबिया में ‘एलएनजी कनाडा’ के दूसरे चरण के विस्तार को लेकर राजनीतिक गलियारों में खींचतान और तीखी बहस जारी है।