Daily Suraj

हिन्दी

हरभजन सिंह के वायरल वीडियो पर पंजाब पुलिस का पलटवार, कहा- पंजाबी ऑडियो से घटना पंजाब की नहीं हो जाती

11 Aug, 2026 12:58 PM

क्रिकेटर से राजनेता बने राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह द्वारा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर नशे की हालत में दिखाई दे रहे दो युवकों का एक वीडियो साझा किए जाने के बाद पंजाब पुलिस ने उनके दावे पर सवाल उठाए हैं। पुलिस ने स्पष्ट किया कि वायरल वीडियो पंजाब का नहीं, बल्कि पड़ोसी राज्य राजस्थान के श्रीगंगानगर का है। साथ ही पुलिस ने हरभजन सिंह सहित सोशल मीडिया यूजर्स को किसी भी सामग्री को साझा करने से पहले तथ्यों और स्थान की पुष्टि करने की सलाह दी है। हरभजन सिंह ने वीडियो साझा करते हुए पंजाब की स्थिति और युवाओं में बढ़ते नशे को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने सरकारों पर सवाल उठाते हुए कहा था कि पंजाब कभी अपनी चढ़दी कला, हिम्मत और बहादुरी के लिए जाना जाता था, लेकिन आज प्रदेश की युवा पीढ़ी नशे की चपेट में है। उन्होंने पंजाब को बचाने की अपील भी की थी। वीडियो के सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने के बाद कई यूजर्स ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार और पंजाब पुलिस पर नशे की रोकथाम में विफल रहने के आरोप लगाने शुरू कर दिए। इसके बाद पंजाब पुलिस ने मामले की जांच की और वीडियो के वास्तविक स्थान की जानकारी सामने रखी। पंजाब पुलिस के अनुसार, वायरल वीडियो राजस्थान के श्रीगंगानगर का है और इसका पंजाब से कोई संबंध नहीं है। पुलिस ने हरभजन सिंह को टैग करते हुए सोशल मीडिया पर स्पष्ट किया कि केवल वीडियो में पंजाबी ऑडियो ट्रैक जोड़ देने से घटना पंजाब की नहीं हो जाती। पुलिस ने सोशल मीडिया यूजर्स से अपील की कि किसी भी भ्रामक सामग्री को पोस्ट करने या पंजाब पुलिस को टैग करने से पहले वीडियो के स्थान और उससे जुड़े तथ्यों की जांच की जाए। पुलिस ने कहा कि सोशल मीडिया पर जानकारी साझा करते समय जिम्मेदारी बरतना जरूरी है। पुलिस के इस स्पष्टीकरण के बाद सोशल मीडिया पर कुछ युवाओं ने हरभजन सिंह पर कथित तौर पर गलत जानकारी फैलाने और राजनीतिक हितों के लिए पंजाब की छवि खराब करने के आरोप लगाए हैं। गौरतलब है कि अप्रैल महीने में हरभजन सिंह सहित सात राज्यसभा सदस्य आम आदमी पार्टी छोड़कर भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News