पंजाब में गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई तेज, 161 लोगों पर एहतियाती कार्रवाई
- पंजाब
- (Asia/Kolkata)
पंजाब में गैंगस्टरों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘गैंगस्टरों पर वार’ के 266वें दिन पुलिस ने राज्यभर में 521 चिह्नित ठिकानों पर छापेमारी की। ये ठिकाने गैंगस्टरों के सहयोगियों से संबंधित थे। इस कार्रवाई के दौरान दो हथियारों सहित 188 लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि 161 लोगों के खिलाफ एहतियाती कार्रवाई की गई। पंजाब पुलिस के अनुसार, अभियान शुरू होने के बाद से अब तक कुल 78,181 लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके अलावा, मंगलवार को की गई कार्रवाई के दौरान पांच भगोड़े अपराधियों को भी गिरफ्तार किया गया। 20 जनवरी को शुरू हुआ था अभियान ‘गैंगस्टरों पर वार’ अभियान पंजाब को गैंगस्टर-मुक्त राज्य बनाने के उद्देश्य से 20 जनवरी, 2026 को पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने शुरू किया था। इस अभियान के तहत एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) पंजाब के समन्वय से राज्य के सभी जिलों की पुलिस टीमें विशेष कार्रवाई कर रही हैं। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे वांछित अपराधियों और गैंगस्टरों के बारे में जानकारी देने के लिए एंटी-गैंगस्टर हेल्पलाइन नंबर 93946-93946 का इस्तेमाल करें। इस नंबर पर गुप्त रूप से सूचना दी जा सकती है। लोग अपराधों और आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी जानकारी भी पुलिस के साथ साझा कर सकते हैं। नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई में 102 गिरफ्तार इस बीच, पंजाब पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ के 591वें दिन भी कार्रवाई जारी रखी। पुलिस ने 102 नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से 4.6 किलोग्राम हेरोइन, 500 ग्राम अफीम, 302 नशीली गोलियां और नशे के कारोबार से संबंधित 12.9 लाख रुपये की नकदी बरामद की गई। पुलिस के मुताबिक, ‘युद्ध नशों के विरुद्ध’ अभियान के तहत 591 दिनों में गिरफ्तार किए गए नशा तस्करों की कुल संख्या बढ़कर 84,971 हो गई है। 76 लोगों को नशामुक्ति उपचार के लिए किया प्रेरित नशे के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ पंजाब पुलिस नशामुक्ति और पुनर्वास पर भी ध्यान दे रही है। इसी पहल के तहत मंगलवार को 76 लोगों को नशामुक्ति और पुनर्वास उपचार करवाने के लिए प्रेरित किया गया। पुलिस की इन कार्रवाइयों का उद्देश्य गैंगस्टरों और नशा तस्करों के खिलाफ कार्रवाई करने के साथ-साथ लोगों को आपराधिक गतिविधियों से दूर रखना और नशे की लत से छुटकारा पाने के लिए उपचार लेने हेतु प्रोत्साहित करना है।
Leave a Reply