Daily Suraj

हिन्दी

पंजाब और चंडीगढ़ में चढ़ेगा पारा, मौसम विभाग ने दी चेतावनी

02 Mar, 2026 06:18 AM

मार्च की शुरुआत के साथ ही Punjab और Chandigarh में गर्मी का असर तेज़ होने लगा है। पिछले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान सामान्य से 5.8 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया गया, हालांकि इसमें 0.1 डिग्री सेल्सियस की हल्की गिरावट भी देखी गई। मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले पांच दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत, जिसमें पंजाब और चंडीगढ़ शामिल हैं, में अधिकतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है। इसके चलते तापमान सामान्य से 4 से 7 डिग्री सेल्सियस अधिक रहने की संभावना है। वर्तमान में चंडीगढ़ और पंजाब के सभी जिलों में अधिकतम तापमान 27 से 31 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 10 से 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा। मौसम विभाग ने बताया कि यह स्थिति उत्तर-पश्चिम भारत में सक्रिय एक नई पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण बनी हुई है। इस पश्चिमी विक्षोभ के चलते 4 मार्च से हिमालयी क्षेत्रों में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है, लेकिन पंजाब और चंडीगढ़ में मुख्य रूप से मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। 7 मार्च तक क्षेत्र में बारिश के कोई खास आसार नहीं हैं। तापमान के पूर्वानुमान के अनुसार, 2 मार्च को अधिकतम तापमान 31 से 33 डिग्री सेल्सियस, 3 मार्च को 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और 4 मार्च को 33 से 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। अगले चार दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा, इसके बाद धीरे-धीरे और वृद्धि होने की संभावना है। साथ ही, तेज़ हवाएं चलने के भी आसार जताए गए हैं।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News