पंजाब-चंडीगढ़ में मौसम बदला, मानसून की विदाई शुरू; 24 से 29 सितंबर तक कोई चेतावनी नहीं

पंजाब-चंडीगढ़ में मौसम बदला, मानसून की विदाई शुरू; 24 से 29 सितंबर तक कोई चेतावनी नहीं

पंजाब के ज्यादातर हिस्सों से मानसून अब विदा हो चुका है। इसके साथ ही क्षेत्र में मौसम के धीरे-धीरे शुष्क होने का दौर शुरू हो गया है। मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, गुरुवार को पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम शुष्क रहने की संभावना है। हालांकि, मानसून की विदाई का मतलब यह नहीं है कि बारिश पूरी तरह खत्म हो जाएगी। स्थानीय मौसम प्रणालियों के प्रभाव से कहीं-कहीं छिटपुट बारिश हो सकती है, लेकिन लगातार होने वाली मानसूनी बारिश का दौर अब कमजोर पड़ गया है। भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, लगातार बारिश का रुकना, वातावरण में नमी का कम होना और निचले वायुमंडल में एंटी-साइक्लोनिक यानी प्रति-चक्रवाती परिस्थितियों का बनना मानसून की वापसी के प्रमुख संकेतों में शामिल हैं। मौसम विभाग ने 24 से 29 सितंबर के बीच पंजाब और चंडीगढ़ के लिए मौसम संबंधी कोई चेतावनी जारी नहीं की है। इस बीच, राज्य के औसत तापमान में 0.4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जिससे तापमान सामान्य स्तर के करीब पहुंच गया है। बुधवार को बठिंडा में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मानसून की विदाई के साथ दिन के समय धूप भी तेज हो गई है। इसके कारण दोपहर के दौरान गर्मी बढ़ने लगी है और बाहर आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस बीच, आज रात और शुक्रवार को दिन-रात की अवधि लगभग बराबर यानी 12-12 घंटे रहेगी। इसके बाद दिन धीरे-धीरे छोटे और रातें लंबी होने लगेंगी।