पंजाब के मुद्दे न उठाने के आरोप में अशोक मित्तल के खिलाफ ‘आप’ का रोष

पंजाब के मुद्दे न उठाने के आरोप में अशोक मित्तल के खिलाफ ‘आप’ का रोष

आम आदमी पार्टी (आप) छोड़कर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हुए लवली यूनिवर्सिटी के मालिक अशोक मित्तल के खिलाफ जालंधर में ‘आप’ कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। पार्टी नेताओं का आरोप है कि पंजाब की ‘आप’ सरकार ने इन्हें चुनकर भेजा था, लेकिन इन्होंने न तो राज्यसभा में पंजाब के मुद्दे उठाए और न ही पार्टी के प्रति अपनी वफादारी निभाई। प्रदर्शन के दौरान ‘आप’ कार्यकर्ताओं ने अशोक मित्तल के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इसके बाद शहर में स्थित ‘लवली स्वीट्स’ के गेट पर लाल रंग से ‘गद्दार’ लिखने की कोशिश की गई। मौके पर मौजूद पुलिस ने कार्यकर्ताओं को रोक लिया, जिसके चलते कुछ समय के लिए कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। इसके अलावा ‘आप’ कार्यकर्ताओं ने पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह के घर के बाहर भी विरोध जताया। उन्होंने हाथों में ‘पंजाब के गद्दार’ लिखे पोस्टर लहराए और नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं का कहना था कि पंजाब के लोग ऐसे नेताओं को कभी माफ नहीं करेंगे।