ट्रक चलाते समय लूडो खेलने का आरोप, हादसे में दो की मौत
कनाडा में मां और बेटी को ट्रक से कुचलने के मामले में एक पंजाबी मूल के ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की पहचान 29 वर्षीय बलजीत सिंह के रूप में हुई है, जो कनाडा का नागरिक है। उस पर लापरवाही से ट्रक चलाने के दौरान एक महिला और उसकी बेटी को कुचलने का आरोप है, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना 19 जुलाई 2022 की रात को कनाडा के क्यूबेक प्रांत के ब्रोसार्ड में हाईवे-30 पर हुई थी। 21 अप्रैल को अदालत में सुनवाई के दौरान बलजीत सिंह ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। उसे संभावित रूप से उम्रकैद की सजा का सामना करना पड़ सकता है। आरोपी ने माना कि हादसे के समय वह वाहन चलाते हुए मोबाइल फोन पर लूडो खेल रहा था, जिससे उसका ध्यान भटक गया और ट्रक ने कार में सवार लोगों को टक्कर मार दी। पुलिस के अनुसार, आरोपी 53 फीट लंबा ट्रैक्टर-ट्रेलर चला रहा था। सड़क निर्माण के कारण ट्रैफिक धीमा था, लेकिन वह समय पर ब्रेक नहीं लगा सका। जांच में यह भी सामने आया कि हादसे से एक घंटे पहले उसने 18 बार अपने फोन का इस्तेमाल किया था। टक्कर के समय वह मोबाइल पर गेम खेल रहा था, जिसके चलते ट्रक सात वाहनों से टकरा गया। इस दुर्घटना में 42 वर्षीय नैंसी लैफ्रॉन और उनकी 11 वर्षीय बेटी लोइक शेवेलियर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दस अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पील पुलिस की रिपोर्ट के अनुसार, हादसे के अगले दिन 20 जुलाई 2022 की सुबह बलजीत सिंह को अस्पताल से छुट्टी मिल गई थी। उसने पुलिस को बताया कि उसे घटना की कोई याद नहीं है। उसी दिन दोपहर 3:37 बजे उसने टिकट बुक की और कुछ ही घंटों बाद कनाडा से पंजाब फरार हो गया। बाद में वह कुछ समय भारत में रहा और फिर कैलिफोर्निया चला गया। उसके खिलाफ जुलाई 2023 में अंतरराष्ट्रीय वारंट जारी किया गया था। आखिरकार, 21 अगस्त 2025 को अमेरिकी संघीय एजेंटों ने उसे कैलिफोर्निया में गिरफ्तार किया और सितंबर 2025 में उसे कनाडा को सौंप दिया गया। बलजीत सिंह मूल रूप से पंजाब का रहने वाला है और ओंटारियो का नागरिक है। पुलिस ने पंजाब में उसके ठिकाने के बारे में कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की है, लेकिन उनका मानना है कि घटना के समय वह ओंटारियो में रह रहा था। अदालत अब इस मामले में 4 जून 2026 को सजा सुनाएगी।
Posted By: Daily Suraj Bureau