Daily Suraj

हिन्दी

मानसून से पहले बाढ़ से बचाव के पुख्ता इंतजाम, मंत्री बरिंदर गोयल ने लिया जायजा

28 Apr, 2026 08:24 PM

पंजाब के जल संसाधन मंत्री श्री बरिंदर कुमार गोयल ने मंगलवार को अमृतसर जिले के बीओपी शाहपुर में रावी नदी के धुस्सी बांध पर चल रहे बाढ़ सुरक्षा कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उनके साथ अजनाला विधानसभा क्षेत्र के विधायक श्री कुलदीप सिंह धालीवाल तथा जल संसाधन विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। जानकारी के अनुसार, पिछले वर्ष आई बाढ़ के कारण बीओपी शाहपुर क्षेत्र में रावी नदी का धुस्सी बांध टूट गया था। इसके बाद जल संसाधन विभाग द्वारा इस टूटे हिस्से को भरने के साथ-साथ पत्थर लगाकर इसे मजबूत किया जा रहा है। इस कार्य पर लगभग 4 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। मीडिया से बातचीत करते हुए मंत्री बरिंदर गोयल ने कहा कि पंजाब सरकार मानसून सीजन से पहले बाढ़ और भारी बारिश से होने वाले नुकसान को कम करने तथा लोगों के जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सक्रिय रूप से काम कर रही है। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार बाढ़ रोकथाम उपायों पर कुल 600 करोड़ रुपये खर्च कर रही है। उन्होंने आगे बताया कि पिछले वर्ष बाढ़ के बाद चार नदियों पर दो-दो निगरानी इंजीनियरों की अगुवाई में समितियां गठित की गई थीं। इन समितियों ने 132 संवेदनशील स्थानों की पहचान की है, जहां बाढ़ सुरक्षा के कार्य जारी हैं। इनमें से कई कार्य पूरे हो चुके हैं और शेष सभी कार्य 30 जून 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। मंत्री ने कहा कि पिछले बरसाती मौसम के दौरान रावी नदी के धुस्सी बांध में 23 स्थानों पर कटाव हुआ था, जिन्हें अब भरकर पत्थरों से मजबूत किया जा रहा है। इसके अलावा नदी में डी-सिल्टिंग का कार्य तेज गति से चल रहा है और इसे मानसून से पहले पूरा कर लिया जाएगा। शक्की नाले सहित अन्य बरसाती नालों की सफाई भी लगातार जारी है। श्री गोयल ने बताया कि राज्य सरकार बाढ़ रोकथाम, राहत ढांचे को मजबूत करने तथा नहरों और ड्रेनों की सफाई के लिए फिनलैंड से आधुनिक एम्फीबियस मशीनें खरीदने जा रही है। ये मशीनें पानी और जमीन दोनों पर कार्य करने में सक्षम हैं और गहराई तक सफाई कर सकती हैं, जिससे आपातकालीन स्थितियों में भी प्रभावी सहायता मिल सकेगी। इस मौके पर विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल ने पंजाब सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा कि बाढ़ सुरक्षा के कार्य समय रहते पूरे किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष अजनाला क्षेत्र के कई गांव बाढ़ से प्रभावित हुए थे और सरकार ने पीड़ितों की हर संभव सहायता की थी। उन्होंने विश्वास जताया कि इस बार मानसून से पहले सभी आवश्यक प्रबंध पूरे कर लिए जाएंगे और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News