भोलेंवाल गांव में देर रात हिंसक झड़प, छह राउंड फायरिंग से दहशत

भोलेंवाल गांव में देर रात हिंसक झड़प, छह राउंड फायरिंग से दहशत

लुधियाना के जमालपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले भोलेंवाल गांव में मंगलवार देर रात जातिसूचक टिप्पणियों को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। यह घटना रात करीब 11:30 बजे की है, जब दोनों पक्षों के बीच तनाव अचानक बढ़ गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, दो पक्षों के बीच पहले तीखी बहस हुई। आरोप है कि इस दौरान जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल किया गया, जिसके बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया। स्थिति बिगड़ने पर हमलावरों ने गोलीबारी शुरू कर दी और हवा में छह राउंड फायर किए, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई। इस घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी टांग टूट गई है। हालांकि गोलीबारी के दौरान किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। सूचना मिलते ही पुलिस टीमें मौके पर पहुंच गईं। कूम कलां थाना के अधिकारियों ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि भले ही यह गांव जमालपुर थाना क्षेत्र में आता है, लेकिन उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने में सहयोग किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, घटना जातिसूचक टिप्पणियों को लेकर हुई है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की पहचान कर रही है और उनके खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और घटना के बाद फरार हुए संदिग्धों की तलाश की जा रही है।