पंजाब में मौसम रहेगा साफ, फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं

पंजाब में मौसम रहेगा साफ, फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं

पंजाब और चंडीगढ़ में गुरुवार को मौसम साफ और शुष्क रहने की संभावना है। दिन के समय तेज धूप के साथ हवाएं चल सकती हैं। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के औसत अधिकतम तापमान में 1.7 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार 4 मार्च को मोहाली, पटियाला और फरीदकोट में तेज हवाएं चलीं, जिनकी रफ्तार लगभग 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा रही। इसी तरह की हवा की स्थिति आज भी कुछ स्थानों पर बनी रह सकती है। आज अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, जालंधर और फिरोजपुर जैसे प्रमुख शहरों में अधिकतम तापमान 28 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। चंडीगढ़ में भी मौसम लगभग इसी प्रकार रहने की संभावना है। फिलहाल मौसम विभाग की ओर से किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की गई है। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल सिंह के अनुसार, 6 मार्च से पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के कारण हिमालयी क्षेत्रों में हल्की बारिश होने की संभावना है। हालांकि इसका पंजाब के मौसम पर सीधे तौर पर कोई प्रभाव पड़ने की उम्मीद नहीं है। उन्होंने बताया कि अगले चार दिनों में राज्य के अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। इसके बाद तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। आज भी कई स्थानों पर 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।