Daily Suraj

हिन्दी

‘मिशन क्लीन पंजाब’ की शुरुआत, 10 दिन चलेगा विशेष सफाई अभियान

29 Aug, 2026 11:29 AM

पंजाब को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने शनिवार को ‘मिशन क्लीन पंजाब’ नाम से विशेष सफाई अभियान शुरू किया। स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने पटियाला के थापर चौक में स्वयं सफाई कर अभियान का उद्घाटन किया। यह अभियान 29 अगस्त से 7 सितंबर तक 10 दिनों तक चलेगा। अभियान के दौरान राज्यभर में उन चिन्हित स्थानों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा, जहां अक्सर कचरा जमा होता है। सरकार का मुख्य जोर गार्बेज वल्नरेबल पॉइंट्स (GVPs) को खत्म करने पर रहेगा। इन स्थानों की सफाई के साथ-साथ वहां दोबारा कचरा जमा न हो, इसके लिए जरूरी कदम भी उठाए जाएंगे। इस अभियान के तहत शहरों और गांवों में सफाई व्यवस्था को मजबूत करने के साथ सड़कों, गलियों और सार्वजनिक स्थानों पर जमा कचरे के ढेर हटाने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। ‘एम सेवा’ ऐप से नागरिक भी कर सकेंगे शिकायत पंजाब सरकार की ‘एम सेवा’ ऐप के जरिए नागरिक अपने क्षेत्रों में मौजूद GVPs की तस्वीरें अपलोड करके अभियान का हिस्सा बन सकते हैं। प्रत्येक शिकायत के लिए अलग आईडी बनाई जाएगी। इसके माध्यम से नागरिक अपनी शिकायत को ट्रैक कर सकेंगे और संबंधित स्थान की सफाई सुनिश्चित करने के लिए त्वरित कार्रवाई की जाएगी। अभियान का लक्ष्य हर शहर और कस्बे में कचरा जमा होने वाले स्थानों की पूरी तरह सफाई करना है। अमृतसर जैसे बड़े शहरों में 600, जबकि पटियाला में करीब 450 GVPs की पहचान की गई है। रोजाना जमीनी स्तर पर होगी निगरानी सरकार के अनुसार, अभियान के अगले 10 दिनों के दौरान सभी विधायक और अधिकारी GVPs को खत्म करने के लिए हर सुबह जमीनी स्तर पर निरीक्षण करेंगे। अभियान की निगरानी के लिए एक समर्पित व्यवस्था बनाई जाएगी। प्रत्येक नगर निगम और नगर परिषद में विशेष टीमों का गठन किया जाएगा। ये टीमें चिन्हित स्थानों की प्रभावी और समयबद्ध सफाई सुनिश्चित करेंगी, ताकि कचरा प्रभावित स्थानों का जल्द से जल्द निपटारा किया जा सके।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News