Daily Suraj

हिन्दी

दिल्ली के करोल बाग में पुरानी इमारत का हिस्सा ढहा, एक व्यक्ति की मौत

21 Aug, 2026 04:34 PM

दिल्ली के करोल बाग इलाके में शुक्रवार को एक पुरानी दो मंजिला इमारत का एक हिस्सा अचानक ढह गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मलबे में दबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए। दोनों घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फायर ब्रिगेड विभाग के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे करोल बाग इलाके में दो मंजिला इमारत का हिस्सा गिरने की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। बताया जा रहा है कि पुरानी इमारत में मरम्मत का काम चल रहा था। इसी दौरान इमारत की दूसरी मंजिल का एक हिस्सा अचानक ढह गया। इमारत का हिस्सा गिरते ही वहां काम कर रहे लोगों में दहशत फैल गई। कुछ लोग मलबे के नीचे दब गए। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से मलबा हटाकर तलाशी और बचाव अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद मलबे में फंसे तीन लोगों को बाहर निकाला गया। तीनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक व्यक्ति को मृत घोषित कर दिया। वहीं, दो अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार जारी है।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News