ईरान में भीषण सड़क हादसा: सावेह-हमदान फ्रीवे पर बस पलटने से 11 लोगों की मौत, 24 घायल
मध्य ईरान के मरकज़ी प्रांत में शनिवार को एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहाँ एक यात्री बस के अनियंत्रित होकर पलटने से 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 24 अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। ईरानी सरकारी टेलीविजन ने शनिवार को इस भीषण दुर्घटना की पुष्टि की है। यह हादसा सावेह-हमदान फ्रीवे पर घटित हुआ। प्रांतीय ट्रैफिक पुलिस द्वारा दी गई शुरुआती जानकारी के मुताबिक, दुर्घटना का मुख्य कारण गाड़ी चलाते समय ड्राइवर को नींद या झपकी आना बताया जा रहा है। हालांकि, प्रशासनिक अधिकारियों ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि बस कहाँ से कहाँ जा रही थी। ईरान में ट्रैफिक सुरक्षा की चिंताजनक स्थितिउल्लेखनीय है कि ईरान का सड़क सुरक्षा रिकॉर्ड दुनिया में सबसे खराब माना जाता है। यहाँ ट्रैफिक नियमों का पालन न करने और लापरवाही के कारण हर साल सड़क हादसों में 17,000 से अधिक लोग अपनी जान गंवा देते हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि देश में हादसों की इतनी ऊंची दर के पीछे मुख्य कारण असुरक्षित वाहन, यातायात नियमों की व्यापक अनदेखी और अपर्याप्त आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं हैं। इससे पहले इसी महीने पश्चिमी शहर सनंदज के पास भी एक भीषण दुर्घटना हुई थी, जहाँ एक तेल टैंकर अन्य वाहनों से टकराने के बाद जोरदार धमाके के साथ फट गया था। उस हादसे में भी 11 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी और 7 अन्य लोग घायल हो गए थे।
Posted By: Daily Suraj Bureau