चंडीगढ़ की आबोहवा में सुधार के बाद बढ़ी केंद्रीय फंडिंग: प्रदूषण नियंत्रण के लिए मिलेंगे 53.27 करोड़ रुपये
शहर में हवा की गुणवत्ता (Air Quality) में सुधार लाने के उद्देश्य से चंडीगढ़ नगर निगम ने राष्ट्रीय स्वच्छ हवा कार्यक्रम (NCAP) के तहत एक व्यापक योजना तैयार की है। इस योजना में श्मशान घाटों से निकलने वाले धुएं और हानिकारक तत्वों से होने वाले प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए कई अहम कदम उठाए गए हैं। योजना के अनुसार, सेक्टर-25 स्थित श्मशान घाट में मौजूदा एलपीजी (LPG) आधारित अंतिम संस्कार प्रणाली को बदल कर इलेक्ट्रिक सिस्टम स्थापित करने का प्रस्ताव है। इस प्रोजेक्ट पर लगभग 2.73 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। धुएं को फैलने से रोकने के लिए चिताओं के ऊपर विशेष 'रिट्रैक्टेबल हुड' लगाए जाएंगे, जो धुएं को एकत्र करके डक्टिंग सिस्टम के माध्यम से 'वेट स्क्रबर' तक पहुंचाएंगे। इससे हवा में मिलने वाले प्रदूषक तत्वों को प्रभावी ढंग से नियंत्रित किया जा सकेगा। इसके अलावा, इंडस्ट्रियल एरिया फेज-1 में 3.57 करोड़ रुपये की लागत से एक नया इलेक्ट्रिक श्मशान घाट विकसित करने की भी योजना बनाई गई है। सड़कों से उड़ने वाली धूल और वाहनों के प्रदूषण से निपटने के लिए नगर निगम द्वारा जेटिंग मशीनें, रोड स्वीपर और सक्शन मशीनें खरीदने की तैयारी की जा रही है। सड़कों के सुधार और बुनियादी ढांचे के लिए 10 करोड़ रुपये से अधिक का प्रस्ताव रखा गया है। इसके साथ ही, शहर में ग्रीन कवर बढ़ाने के लिए मियावाकी फॉरेस्ट और ग्रीन बेल्ट विकसित करने पर 3 करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे। यातायात प्रबंधन को सुचारू बनाने के लिए इंटेलिजेंट ट्रांसपोर्ट सिस्टम लागू किया जाएगा और वायु प्रदूषण के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए अभियान भी चलाए जाएंगे। नगर निगम ने इन सभी परियोजनाओं की स्वीकृति और बजट जारी करने के लिए प्रस्ताव चंडीगढ़ प्रदूषण नियंत्रण समिति को भेज दिए हैं। केंद्र सरकार द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, चंडीगढ़ में PM10 का औसतन स्तर साल 2024-25 में 114 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर था, जो 2025-26 में घटकर 90 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रह गया है। एक साल के भीतर दर्ज की गई 26 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर की इस गिरावट और बेहतर प्रदर्शन के चलते, वर्ष 2026-27 के लिए NCAP के तहत चंडीगढ़ की फंडिंग को 13.95 करोड़ रुपये से बढ़ाकर 53.27 करोड़ रुपये कर दिया गया है।
Posted By: Daily Suraj Bureau