पंजाब में कांग्रेस की सरकार बनी तो नशा और गैंगस्टरवाद खत्म करेंगे: चरणजीत चन्नी
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा है कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर नशे और गैंगस्टरवाद को जड़ से खत्म करने के लिए ठोस नीति लागू की जाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि नशे और गैंगस्टरवाद ने पंजाब की युवा पीढ़ी को बुरी तरह प्रभावित किया है। चन्नी ने ये बातें ‘जवानी संभाल यात्रा’ के अगले पड़ाव के लिए रवाना होने से पहले आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहीं। यात्रा ने रात को समराला विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी रूपिंदर सिंह राजा गिल के आवास पर विश्राम किया था। चन्नी ने कहा कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य परिवारों को अपने बेटों का ध्यान रखने और उन्हें नशे से दूर रखने के प्रति जागरूक करना है। पूर्व मुख्यमंत्री ने आम आदमी पार्टी की सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मौजूदा सरकार नशे, गैंगस्टरवाद और बढ़ते अपराध पर अंकुश लगाने में पूरी तरह विफल रही है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर इन समस्याओं को खत्म करने के लिए विशेष नीति तैयार की गई है। चन्नी ने ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़ी समस्याओं का जिक्र करते हुए कहा कि ट्रांसपोर्टरों ने उनके सामने शिकायत रखी है कि सरकार की ओर से चार साल का टैक्स एक साथ वसूलने का आदेश जारी किया गया है। उनके मुताबिक, इस फैसले से ट्रांसपोर्ट का कारोबार प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आश्वासन दिया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर ट्रांसपोर्टरों और ट्रक यूनियनों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। माइनिंग के मुद्दे पर चन्नी ने दावा किया कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने खनन से 20 हजार करोड़ रुपये जुटाने की बात कही थी, लेकिन उनके अनुसार अब तक 20 करोड़ रुपये भी एकत्र नहीं किए जा सके हैं। उन्होंने राज्य में अवैध खनन जारी रहने का आरोप भी लगाया। चन्नी ने कहा कि कांग्रेस सरकार बनने पर खनन से 20 हजार करोड़ रुपये जुटाए जाएंगे और इस राशि को लोगों की सुविधाओं पर खर्च किया जाएगा। पंजाब की अर्थव्यवस्था को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने इसे बेहतर बनाने के लिए एक रोडमैप तैयार किया है। चन्नी ने वादा किया कि कांग्रेस की सरकार बनने पर राज्य की माताओं और बहनों को मिलने वाली सम्मान राशि में कोई कटौती नहीं की जाएगी, बल्कि इसे बढ़ाया जाएगा। इसके अलावा, उन्होंने सखी योजना के तहत काम करने वाली महिलाओं को नियमित करने का भी आश्वासन दिया। अकाली-भाजपा गठबंधन को लेकर पूछे गए सवाल पर चन्नी ने कहा कि किसान विरोधी नीतियों के कारण लोग किसानों को शहीद करने वाले एनडीए का समर्थन नहीं करेंगे। आगामी विधानसभा चुनावों और सरकार गठन के सवाल पर चन्नी ने दावा किया कि पंजाब में कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि किसी भी पार्टी को बहुमत नहीं मिलता है तो कांग्रेस न तो आम आदमी पार्टी से समर्थन लेगी और न ही उसे समर्थन देगी। चन्नी ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान और आम आदमी पार्टी के विधायकों ने दिल्ली में बैठे अपने नेताओं के इशारे पर पंजाब को लूटा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सरकार बनने पर आम आदमी पार्टी से राज्य की कथित लूट का हिसाब लिया जाएगा और जनता का पैसा वापस लाकर लोगों के हित में खर्च किया जाएगा।