श्रीलंका में डेंगू के नए स्ट्रेन से बढ़ा संक्रमण का खतरा, देशव्यापी रोकथाम अभियान शुरू
श्रीलंका में डेंगू वायरस के एक नए स्ट्रेन की पहचान के बाद संक्रमण फैलने का खतरा बढ़ गया है। स्वास्थ्य उप मंत्री हंसाका विजेमुनी ने सोमवार को यह जानकारी देते हुए बताया कि सरकार ने मच्छरों के प्रजनन पर नियंत्रण और डेंगू संक्रमण को कम करने के उद्देश्य से देशव्यापी विशेष रोकथाम अभियान शुरू किया है। विजेमुनी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि वर्तमान वायरस में पहले देश में पाए गए स्ट्रेन की तुलना में कई बदलाव देखे गए हैं। उन्होंने बताया कि श्रीलंका की बड़ी आबादी पहले इस नए स्वरूप के संपर्क में नहीं आई है, जिससे लोगों के संक्रमित होने की आशंका अधिक हो गई है। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार, इस वर्ष अब तक श्रीलंका में 41,144 डेंगू के मामले दर्ज किए जा चुके हैं, जबकि 24 लोगों की मौत हो चुकी है। मृतकों में चार बच्चे भी शामिल हैं। बढ़ते मामलों को नियंत्रित करने के लिए सरकार ने 15 से 20 जून तक विशेष डेंगू रोकथाम सप्ताह शुरू किया है। इस अभियान के तहत 15 से 17 जून तक सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सफाई और मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करने पर ध्यान दिया जाएगा। 18 जून को अभियान स्कूलों, प्री-स्कूलों, निजी शिक्षण संस्थानों और अन्य शैक्षणिक परिसरों में चलाया जाएगा। 19 जून को सरकारी और निजी कार्यस्थलों का निरीक्षण किया जाएगा, जबकि 20 जून को घरों और आसपास के क्षेत्रों की सफाई तथा संभावित प्रजनन स्थलों की जांच की जाएगी। स्वास्थ्य अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि वे अपने आसपास मच्छरों के प्रजनन स्थलों को समाप्त करें और रोकथाम अभियान में सक्रिय सहयोग दें। उन्होंने कहा कि केवल सरकारी प्रयासों से डेंगू के प्रसार को रोकना संभव नहीं होगा, इसके लिए आम जनता की भागीदारी भी आवश्यक है। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि मच्छरों के प्रजनन के अनुकूल गंदा वातावरण बनाए रखना श्रीलंका के कानून के तहत दंडनीय अपराध है। ऐसे मामलों में संबंधित लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने बताया कि अभियान के दौरान निर्माण स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी। यदि कोई निर्माण स्थल सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिए खतरा बनता है, तो उसके विरुद्ध अदालत से आवश्यक आदेश लेकर कार्रवाई की जा सकती है। राष्ट्रीय डेंगू नियंत्रण इकाई ने नागरिकों से अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों की नियमित सफाई करने तथा बुखार आने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।
Posted By: Daily Suraj Bureau