Daily Suraj

हिन्दी

गर्ल्स हॉस्टल विवाद: चितकारा यूनिवर्सिटी ने सोशल मीडिया पर वायरल एम्बुलेंस और पंडित जी के वीडियो का बताया पूरा सच

26 Sep, 2026 10:20 AM

पंजाब के राजपुरा स्थित चितकारा यूनिवर्सिटी ने गर्ल्स हॉस्टल में आत्महत्या और मौत से संबंधित सोशल मीडिया पर वायरल हो रही पोस्ट्स और रील्स को पूरी तरह से गलत और बेबुनियाद करार दिया है। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने आधिकारिक बयान जारी कर स्पष्ट किया है कि गर्ल्स हॉस्टल में न तो किसी छात्रा ने आत्महत्या की है और न ही किसी छात्रा की मौत हुई है। यही नहीं, सोशल मीडिया पर 24 सितंबर की तड़के हॉस्टल पहुंची एम्बुलेंस को लेकर फैल रही अफवाहों पर यूनिवर्सिटी ने स्थिति साफ की। यूनिवर्सिटी प्रशासन के अनुसार, रूम नंबर 327 में रहने वाली एक छात्रा को अस्पताल में इलाज के बाद तड़के लगभग 2:50 बजे एम्बुलेंस के जरिए हॉस्टल वापस लाया गया था। इस घटना का किसी भी तरह की अनहोनी, मौत या आत्महत्या से कोई संबंध नहीं है। इसके साथ ही, हॉस्टल परिसर में एक पंडित जी के पहुंचने से जुड़ी वायरल खबरों पर भी यूनिवर्सिटी ने प्रतिक्रिया दी है। यूनिवर्सिटी ने बताया कि पंडित जी का हॉस्टल आना सही है, लेकिन इसे सोशल मीडिया पर गलत तरीके से पेश किया जा रहा है। असल में, वह दोपहर करीब 3:00 बजे हॉस्टल में पढ़ रही अपनी बेटी से मिलने आए थे। उनकी इस पारिवारिक विजिट का किसी भी कथित घटना या खुदकुशी के दावों से कोई लेना-देना नहीं था। चितकारा यूनिवर्सिटी ने छात्रों, अभिभावकों, मीडिया और आम जनता से अपील की है कि वे सोशल मीडिया पर वायरल हो रही असत्यापित रील्स, पोस्ट या संदेशों पर भरोसा न करें और बिना तथ्यों की जांच किए इन्हें आगे शेयर करने से बचें। यूनिवर्सिटी ने कहा कि ऐसी भ्रामक खबरें छात्रों और उनके परिवारों में मानसिक तनाव पैदा करती हैं। प्रशासन ने दोहराया कि वे अपने छात्रों की सुरक्षा, भलाई और गोपनीयता के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं और ऐसी झूठी अफवाहें फैलाने वालों पर नजर रखते हुए आवश्यक कदम उठाएंगे।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News