गाजियाबाद में दर्दनाक हादसा: 12वीं मंजिल से गिरकर नेशनल एथलीट प्राची राजपूत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत
गाजियाबाद के राजनगर एक्सटेंशन इलाके में शुक्रवार रात एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई, जहां 12वीं मंजिल से नीचे गिरने के कारण 14 वर्षीय छात्रा और राष्ट्रीय स्तर की एथलीट प्राची राजपूत की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। प्राची डीडीपीएस संजय नगर में 9वीं कक्षा की छात्रा थी। उसने महज दो दिन पहले ही महाराष्ट्र के शिरडी में आयोजित सीबीएसई राष्ट्रीय रस्सी कूद (डबल डच पेयर फ्रीस्टाइल और डबल डच सिंगल फ्रीस्टाइल) प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीता था। बालकनी में कपड़े उतारने गई थी प्राची यह दुखद घटना राजनगर रेजीडेंसी सोसाइटी के जी-टावर में रात लगभग 9 बजे घटी। परिजनों के अनुसार, प्राची बालकनी में सूख रहे कपड़ों को इकट्ठा करने गई थी। इसी दौरान वह अचानक 12वीं मंजिल से नीचे गिर गई। घटना के तुरंत बाद परिजन उसे गंभीर हालत में संजय नगर स्थित यशोदा अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। हादसा या आत्महत्या? दोनों पहलुओं से जांच कर रही पुलिस घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू की। शुरुआती जांच में सामने आया है कि छात्रा बालकनी से नीचे गिरी थी। हालांकि, यह महज एक दुर्घटना थी या इसके पीछे कोई अन्य वजह है, यह अभी पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो सका है। नंदग्राम के एसीपी जियाउद्दीन अहमद ने बताया कि पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है। मृतका के पिता सुरेश चंद एक बहुराष्ट्रीय कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर हैं। हादसे के समय घर में माता-पिता, छोटी बहन और दादा-दादी मौजूद थे। होनहार खिलाड़ी की असमय मौत से परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।
Posted By: Daily Suraj Bureau