भारत नगर चौक हमला: पुलिस ने चार आरोपियों के खिलाफ दर्ज किया मामला
लुधियाना के भारत नगर चौक स्थित फ्रेंड्स रेजीडेंसी के सामने शिवसेना पंजाब के राष्ट्रीय प्रमुख राजीव टंडन पर हुए हमले के मामले में पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। उल्लेखनीय है कि राजीव टंडन ने इस संबंध में पुलिस को कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी थी, लेकिन पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए मामला दर्ज किया है। पुलिस ने टंडन की कार पर तेजधार हथियारों से हमला करने के आरोप में चार हमलावरों में से एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान दानिश कपूर के रूप में हुई है। मुख्य आरोपी तरनजोत और दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंडावली (आईपीसी) की धाराओं 115(2), 132, 221, 351(3) और 324(4) के तहत मामला दर्ज किया है। आरोप है कि हमलावरों ने राजीव टंडन की पायलट कार पर हमला कर उसका शीशा तोड़ दिया और मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों को भी धमकियां दीं। मामले की जानकारी देते हुए थाना डिवीजन नंबर-5 के एसआई पुरुषोत्तम लाल ने बताया कि सोमवार को कुछ सिख संगठन और निहंग सिंह पुलिस कमिश्नर कार्यालय के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे। इसके बाद प्रदर्शनकारी जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय से निकलकर फिरोजपुर रोड स्थित कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गए। इसी दौरान सुरक्षा के साथ एक सरकारी वाहन में राजीव टंडन वहां से गुजर रहे थे, लेकिन धरने के कारण लगे जाम में उनका वाहन भी फंस गया। इसी बीच दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई, जिसके बाद आरोपियों ने कार पर हमला कर उसका शीशा तोड़ दिया। घटना के बाद पुलिस ने राजीव टंडन को कड़ी सुरक्षा के बीच वहां से सुरक्षित बाहर निकाला।
Posted By: Daily Suraj Bureau