A.R. रहमान के बेटे अमीन सड़क हादसे का शिकार, Porsche और Wagon-R में टक्कर
भारतीय सिनेमा के दिग्गज संगीतकार ए.आर. रहमान के बेटे अमीन सड़क हादसे का शिकार हो गए हैं। सोमवार तड़के चेन्नई के गिंडी इलाके में ओलंपिया टेक पार्क सिग्नल के पास 23 वर्षीय अमीन की लग्जरी Porsche कार की Rapido Wagon-R से टक्कर हो गई। जानकारी के अनुसार, यह हादसा सोमवार तड़के करीब 3:30 बजे हुआ। हादसे में अमीन को मामूली चोटें आईं। उन्हें तत्काल नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के बाद उन्हें छुट्टी दे दी गई और वह घर लौट आए। हादसे के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अडयार ट्रैफिक इन्वेस्टिगेशन विंग की पुलिस ने दोनों वाहनों को जब्त कर लिया है और मामला दर्ज किया है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जानकारी में सामने आया है कि Wagon-R एक सिंगल साइड रोड से मुख्य सड़क पर आ रही थी, तभी उसकी Porsche से टक्कर हो गई। हादसे के समय अमीन के साथ उनके दोस्त भी कार में मौजूद थे। दोनों को इलाज के लिए कावेरी अस्पताल ले जाया गया। वहीं, Wagon-R में सवार यात्री भी हादसे में घायल हो गया था। उसे इलाज के लिए कलैग्नार सेंटेनरी सुपर स्पेशलिटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के बाद उसे भी अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर हादसे से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है।
Posted By: Daily Suraj Bureau