खन्ना यूरिया मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, अधिकारियों और कंपनियों के नाम एफआईआर में शामिल
पंजाब में सब्सिडी वाले यूरिया के कथित दुरुपयोग के मामले में बड़ी कार्रवाई की गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देशों के बाद खन्ना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) डॉ. दर्पण आहलूवालिया की अगुवाई में कार्रवाई करते हुए इस मामले में एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस द्वारा दर्ज एफआईआर में खन्ना कैटल फीड प्लांट के जनरल मैनेजर सुरजीत सिंह भदौड़ के अलावा अन्य अधिकारियों के नाम भी शामिल किए गए हैं। इसके साथ ही गिद्दड़बाहा और नई दिल्ली स्थित यूरिया आपूर्ति करने वाली कंपनियों के मालिकों को भी मामले में नामजद किया गया है। जानकारी के अनुसार, कृषि विकास अधिकारी गुरप्रीत कौर के बयान के आधार पर खन्ना सिटी थाना-2 में एफआईआर दर्ज की गई। सुरजीत सिंह भदौड़ के अलावा खन्ना कैटल फीड प्लांट से जुड़े अन्य अधिकारियों को भी इस मामले में आरोपी बनाया गया है। एफआईआर में गिद्दड़बाहा स्थित एक कंपनी के मालिक और नई दिल्ली स्थित मैसर्स मनीषा ट्रेडिंग कंपनी से जुड़े व्यक्ति का नाम भी शामिल किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अन्य अधिकारियों और संबंधित पक्षों को भी इस मामले में नामजद किया जा सकता है।
Posted By: Daily Suraj Bureau