Daily Suraj

हिन्दी

कमल कौर भाभी हत्याकांड: मुख्य आरोपी अमृतपाल मेहरों की तबीयत बिगड़ी

20 Aug, 2026 06:24 AM

पंजाब के चर्चित कमल कौर भाभी हत्याकांड के मुख्य आरोपी अमृतपाल सिंह मेहरों की तबीयत बिगड़ने के बाद उसे बुधवार, 19 अगस्त को कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच केंद्रीय जेल से बठिंडा के सरकारी अस्पताल लाया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी ने दर्द की शिकायत की थी। इसके बाद अमृतपाल मेहरों के वकील मनप्रीत सिंह बराड़ ने हाल ही में अदालत में याचिका दायर कर उसके इलाज की मांग की थी। याचिका में कहा गया था कि आरोपी की दोनों किडनियों में पथरी है और जेल में उसकी स्वास्थ्य स्थिति को देखते हुए तत्काल उचित उपचार की जरूरत है। अदालत के आदेश के बाद उसे मेडिकल जांच और इलाज के लिए अस्पताल लाया गया। वकील की याचिका पर सुनवाई करते हुए अदालत ने जेल प्रशासन को अमृतपाल मेहरों को अस्पताल ले जाने के निर्देश दिए थे। वह करीब एक साल से जेल में बंद है। बुधवार को सरकारी अस्पताल में डॉक्टरों की विशेष टीम ने अमृतपाल मेहरों के स्वास्थ्य की जांच की। डॉक्टरों की निगरानी में उसका अल्ट्रासाउंड और अन्य जरूरी मेडिकल टेस्ट करवाए गए। मेडिकल जांच पूरी होने के बाद उसे वापस जेल भेज दिया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार, मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही यह निर्णय लिया जाएगा कि अमृतपाल मेहरों को बठिंडा के सरकारी अस्पताल में भर्ती रखा जाए या बेहतर उपचार के लिए किसी बड़े अस्पताल में रेफर किया जाए।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News