गुरु रविदास जी का 650वां प्रकाश पर्व: 4 दिसंबर से निकलेंगी चार भव्य शोभा यात्राएं, सीएम मान ने लिया तैयारियों का जायजा
पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी का 650वां प्रकाश पर्व पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाने के लिए बड़े स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। इन समारोहों के प्रबंधों की समीक्षा करने के लिए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अधिकारियों के साथ एक उच्च स्तरीय बैठक की। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार गुरु रविदास जी की शिक्षाओं और उनके दर्शन को घर-घर तक पहुंचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है और इन ऐतिहासिक समारोहों के आयोजन में कोई कसर नहीं छोड़ी जाएगी। प्रकाश पर्व को समर्पित मुख्य समारोह 4 से 6 दिसंबर तक आयोजित किए जाएंगे। इस दौरान वाराणसी, फरीदकोट, बठिंडा और जम्मू से चार विशाल शोभा यात्राएं निकाली जाएंगी, जिनका समापन खुरालगढ़ में होगा। तीन दिवसीय कार्यक्रमों की रूपरेखा साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि 4 दिसंबर को अखंड पाठ के आरंभ के साथ समारोह की शुरुआत होगी। इसके बाद गुरु रविदास जी के जीवन और दर्शन को दर्शाती प्रदर्शनी, संत सम्मेलन, कथा एवं कीर्तन दरबार, ड्रोन शो और अन्य आध्यात्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। 5 दिसंबर को नगर कीर्तन के उपरांत गुरु रविदास जी की वाणी पर विशेष सम्मेलन, कथा-कीर्तन दरबार और ड्रोन शो होंगे। 6 दिसंबर को अखंड पाठ के भोग के साथ तीन दिवसीय समारोहों का समापन होगा। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आगे कहा कि ये स्मारक समारोह केवल खुरालगढ़ तक ही सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि समाज के हर वर्ग तक गुरु जी के जीवन, दर्शन और शिक्षाओं को पहुंचाने के लिए राज्य सरकार ने पहले से ही साल भर चलने वाली गतिविधियों की एक व्यापक श्रृंखला शुरू कर रखी है। इन वार्षिक कार्यक्रमों के तहत सेमिनार, कार्यशालाएं, विशेष कीर्तन समारोह, स्कूल स्तर की प्रतियोगिताएं, 13,000 गांवों में डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग, ड्रोन शो, मैराथन, रक्तदान शिविर और पौधारोपण अभियान चलाए जा रहे हैं।