जापान में भारतीय पैरा तैराक मोहम्मद शम्स आलम पर यौन उत्पीड़न के गंभीर आरोप, हिरासत के बाद भारत डिपोर्ट
जापान के नागोया शहर में आयोजित एशियाई पैरा खेलों के दौरान एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। भारतीय पैरा तैराक मोहम्मद शम्स आलम शेख पर एक होटल की महिला कर्मचारी के साथ यौन उत्पीड़न और छेड़छाड़ करने के गंभीर आरोप लगे हैं। इस घटना के बाद जापानी पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने के तुरंत बाद 40 वर्षीय तैराक को भारत डिपोर्ट (वापस) कर दिया गया है। इस विवाद ने एशियाई पैरा खेलों में भारतीय दल की छवि को गहरा झटका दिया है, और भारतीय पैरालंपिक समिति (PCI) उन पर आजीवन प्रतिबंध लगाने पर विचार कर रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना सोमवार को उस होटल में घटी जहाँ भारतीय पैरा स्विमिंग टीम ठहरी हुई थी। बताया जा रहा है कि एक महिला हाउसकीपिंग कर्मचारी शम्स आलम के कमरे में अपनी नियमित ड्यूटी कर रही थी, तभी तैराक ने उसके साथ कथित तौर पर दुर्व्यवहार किया। पीड़िता द्वारा शिकायत किए जाने के बाद मामला स्थानीय आयोजन समिति और भारतीय दल के अधिकारियों के संज्ञान में आया। शिकायत के आधार पर जापानी पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए शम्स आलम को हिरासत में लिया और घटना के अगले ही दिन यानी मंगलवार को उन्हें भारत वापस भेज दिया गया। इस वजह से शम्स आलम एशियाई पैरा खेलों में अपने निर्धारित मुकाबलों में हिस्सा लिए बिना ही स्वदेश लौटने को मजबूर हो गए। भारतीय पैरालंपिक समिति (PCI) एशियाई पैरा खेल समाप्त होने के बाद इस मामले की विस्तृत समीक्षा करेगी। अधिकारियों के अनुसार, शम्स आलम शेख के खिलाफ कड़ी अनुशासनात्मक कार्रवाई के तहत उन पर आजीवन प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव रखा गया है, जिस पर अंतिम औपचारिक फैसला खेलों के समापन के बाद लिया जाएगा। कौन हैं मोहम्मद शम्स आलम शेख? 40 वर्षीय मोहम्मद शम्स आलम शेख मूल रूप से बिहार के रहने वाले एक प्रमुख पैरा तैराक हैं, जिन्होंने कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत का प्रतिनिधित्व किया है। वर्ल्ड पैरा स्विमिंग रिकॉर्ड्स के मुताबिक, वह पुरुषों की 100 मीटर बटरफ्लाई S5 और 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक SB4 श्रेणियों में विश्व के नंबर 1 तैराक भी रह चुके हैं। उन्होंने जकार्ता में आयोजित 2018 एशियाई पैरा खेलों में 200 मीटर और 50 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक हासिल किए थे। इसके अलावा, उन्होंने 2025 में रेक्याविक इंटरनेशनल गेम्स के दौरान 200 मीटर ब्रेस्टस्ट्रोक में नया एशियाई रिकॉर्ड बनाते हुए स्वर्ण पदक जीता था। नागोया 2026 एशियाई पैरा खेलों में उनका लगातार तीसरा प्रतिभाग होना तय था।