Daily Suraj

हिन्दी

पंजाब में 15 मई से शुरू होगी जनगणना, पहली बार पूरी प्रक्रिया डिजिटल

15 Mar, 2026 07:20 AM

पंजाब में आगामी 15 मई से जनगणना की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है, जिसके लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। देश में लगभग 16 वर्ष के अंतराल के बाद जनगणना करवाई जा रही है और इस बार यह प्रक्रिया पहली बार डिजिटल तरीके से संचालित की जाएगी। अधिकारियों के अनुसार, इस बार नागरिकों को स्वयं अपने घर और परिवार से संबंधित जानकारी ऑनलाइन दर्ज करने की सुविधा भी दी जाएगी। इसके लिए एक विशेष पोर्टल 30 अप्रैल से 14 मई तक खुला रहेगा, जहां लोग अपनी आवश्यक जानकारी साझा कर सकेंगे। राज्य में घर-घर जाकर जानकारी एकत्रित करने के लिए लगभग 65 हजार कर्मचारियों को तैनात किए जाने की संभावना है। यह कर्मचारी विभिन्न क्षेत्रों में जाकर परिवारों से संबंधित आंकड़े एकत्र करेंगे, ताकि जनसंख्या से जुड़ी सटीक जानकारी तैयार की जा सके। जनगणना की पूरी प्रक्रिया दो चरणों में संपन्न होगी। पहले चरण के तहत 15 मई से 13 जून तक घरों और आवास से संबंधित जानकारी एकत्रित की जाएगी। इसके बाद दूसरा चरण अगले वर्ष 1 फरवरी से 28 फरवरी तक चलेगा, जिसमें जनसंख्या से जुड़ी विस्तृत जानकारी दर्ज की जाएगी। पंजाब में जनगणना संचालन की निदेशक डॉ. नवजोत खोसा ने बताया कि इस बार पहली बार स्व-गणना को भी इस अभियान का हिस्सा बनाया गया है। इसके तहत नागरिक स्वयं भी ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे, जिससे पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और सुगम बनने की उम्मीद है।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News