जालंधर में पासिंग आउट परेड: 2,577 नए जवान हुए शामिल, 12,000 से ज्यादा भर्तियां पूरी
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि सीमावर्ती राज्य होने के कारण पंजाब को रोजाना पाकिस्तान की ओर से ड्रोन घुसपैठ और असामाजिक तत्वों के जरिए शांति भंग करने की कोशिशों का सामना करना पड़ता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि पंजाब पुलिस अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मजबूती से डटी हुई है और यह सिर्फ राज्य की नहीं, बल्कि पूरे देश की पुलिस है। जालंधर स्थित पी.ए.पी. ग्राउंड में आयोजित पासिंग आउट परेड के दौरान मुख्यमंत्री ने 2,577 नए पुलिस जवानों को औपचारिक रूप से पंजाब पुलिस में शामिल किया। उन्होंने कहा कि यह कदम युवाओं को रोजगार देने और पुलिस बल को आधुनिक बनाने की दिशा में सरकार की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। मुख्यमंत्री ने बताया कि मार्च 2022 से अब तक 12,010 से अधिक पुलिस कर्मियों की भर्ती की जा चुकी है।
पुलिस बल को वैज्ञानिक तरीके से मजबूत करने के लिए 1,100 करोड़ रुपये निर्धारित किए गए हैं। उन्होंने कहा कि साइबर अपराध, आतंकवाद और नशे के खिलाफ लड़ाई के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, विशेष तकनीकी यूनिट्स और मजबूत एंटी-नारकोटिक्स टास्क फोर्स का उपयोग किया जा रहा है। ‘युद्ध नशे विरुद्ध’ अभियान का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि इस अभियान के तहत 50,238 गिरफ्तारियां की गईं, 35,133 एफआईआर दर्ज हुईं और बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ जब्त किए गए हैं, जिनमें 2,230 किलोग्राम हेरोइन, 668 किलोग्राम अफीम और 29 टन भुक्की शामिल है। उन्होंने कहा कि आम जनता के सहयोग से नशे के खिलाफ जमीनी स्तर पर कार्रवाई की जा रही है। मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा फोर्स की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए बताया कि यह फोर्स 146 आधुनिक वाहनों से लैस है और अब तक 46,399 लोगों की जान बचा चुकी है। उन्होंने कहा कि 6 मिनट 20 सेकंड के औसत प्रतिक्रिया समय के साथ यह फोर्स देश में अपनी तरह की पहली पहल है, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में मौतों में 48 प्रतिशत की कमी आई है।
तकनीकी उन्नयन पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब देश का पहला राज्य है जिसने तकनीकी विशेषज्ञता वाले 182 सब-इंस्पेक्टर और 1,547 तकनीकी दक्षता वाले कांस्टेबल भर्ती किए हैं। इसके अलावा जांच विंग में कानूनी, फॉरेंसिक, आईटी और वित्तीय विशेषज्ञों की भी नियुक्ति की गई है। मुख्यमंत्री ने बताया कि नए भर्ती जवानों ने महाराजा रणजीत सिंह पंजाब पुलिस अकादमी, पुलिस रिक्रूट ट्रेनिंग सेंटर जहान खेलां (होशियारपुर) और इन-सर्विस ट्रेनिंग सेंटर कपूरथला में प्रशिक्षण प्राप्त किया है। उन्होंने कहा कि राज्य में आधुनिक प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनकी देश-विदेश में सराहना हो रही है। उन्होंने चेतावनी दी कि पड़ोसी देशों द्वारा युवाओं को गुमराह करने और राज्य की शांति भंग करने की कोशिशों को किसी भी कीमत पर सफल नहीं होने दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब पुलिस हर चुनौती का सामना करते हुए राज्य में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री ने नव-नियुक्त जवानों को बधाई देते हुए उन्हें पूरी निष्ठा, मेहनत और समर्पण के साथ अपनी ड्यूटी निभाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि पुलिस को आम जनता की समस्याओं को दूर करने और उन्हें न्याय दिलाने में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। इस अवसर पर डीजीपी गौरव यादव ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया और नए जवानों को शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने परेड का निरीक्षण किया, सलामी ली और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कैडेटों को सम्मानित किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को और भी यादगार बना दिया।
Posted By: Daily Suraj Bureau