अस्पताल के बाहर फायरिंग से फैली दहशत, पुलिस जांच जारी
जालंधर के राज नगर क्षेत्र में बीती रात दो गुटों के बीच हुई झड़प के दौरान गोलीबारी की घटना सामने आई है। इस घटना में एक युवक घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, एक ही गली में रहने वाले दो गुटों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर विवाद बढ़ गया। झगड़े के दौरान एक पक्ष ने दूसरे गुट के घर के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चले और गोलियां भी चलाई गईं। घटना की सूचना मिलते ही एडीसीपी सिटी-2 राकेश यादव और बस्ती बावा खेल थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल से गोलियों के कुछ खाली खोल बरामद किए हैं। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और तनाव का माहौल बना हुआ है। वहीं, एक महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह अपने घर में धार्मिक कार्यक्रम आयोजित कर रही थी। रात का भोजन करने के बाद जब परिवार के सदस्य सो गए थे, तभी उसी गली के कुछ युवक घर में घुस आए और उन पर हमला कर दिया। महिला के अनुसार, हमलावरों ने सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए और गोलियां चलाईं, जिसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। एडीसीपी सिटी-2 राकेश यादव ने बताया कि कंट्रोल रूम में दो गुटों के बीच झगड़े की सूचना प्राप्त हुई थी। उन्होंने कहा कि दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। पुलिस टीम आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और गली में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।
Posted By: Daily Suraj Bureau