तरनतारन में दर्दनाक वारदात, मानसिक रूप से परेशान युवक ने बहन को उतारा मौत के घाट
सीमावर्ती क्षेत्र के गांव सभरा में गुरुवार को एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई। यहां मानसिक रूप से परेशान बताए जा रहे एक व्यक्ति ने अपनी सगी बहन, दो बकरियों और एक पालतू कुत्ते की कही से हमला कर बेरहमी से हत्या कर दी। इस दौरान आरोपी की मां भी गंभीर रूप से घायल हो गई, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक महिला और आरोपी के पिता मुख्तियार सिंह ने बताया कि उनके बेटे रसाल सिंह की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी। उन्होंने कहा कि रसाल सिंह ने पहले घर में मौजूद पालतू कुत्ते और दो बकरियों को मार डाला। इसके बाद उसने अपनी बहन संदीप कौर के सिर पर कही से कई वार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिवार के अनुसार जब मां ने अपनी बेटी को बचाने की कोशिश की तो आरोपी ने उन पर भी हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। पिता ने बताया कि संदीप कौर की शादी गांव तूत में हुई थी और वह दो बच्चों की मां थी। वह अपने मानसिक रूप से बीमार भाई रसाल सिंह का हालचाल जानने के लिए ससुराल से मायके आई हुई थी। स्थानीय लोगों का भी कहना है कि आरोपी लंबे समय से मानसिक तनाव में रहता था। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की भी पड़ताल की जा रही है।
Posted By: Daily Suraj Bureau