Daily Suraj

हिन्दी

SGPC चुनाव, करतारपुर कॉरिडोर और बंदी सिंहों की रिहाई के मुद्दे पर दिल्ली में प्रदर्शन

20 Nov, 2026 04:24 PM

शिरोमणि अकाली दल (पुनर सुरजीत) की ओर से शुक्रवार को दिल्ली में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के आम चुनाव जल्द कराने की मांग को लेकर रोष मार्च निकाला गया। पार्टी अध्यक्ष और श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह के नेतृत्व में यह मार्च गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब से संसद भवन की ओर रवाना हुआ। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने इसे रास्ते में ही रोक दिया और ज्ञानी हरप्रीत सिंह सहित कई प्रमुख नेताओं को हिरासत में ले लिया।
 

पार्टी की पहले से घोषित योजना के अनुसार, नेता, SGPC सदस्य और सिख संगत गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब में एकत्र हुए थे। यहां से सभी ने संसद की ओर मार्च करना था। पार्टी ने प्रधानमंत्री के नाम मांगपत्र सौंपने की भी घोषणा की थी।
 

15 साल से SGPC चुनाव नहीं होने पर जताई नाराजगी
 

प्रदर्शन के दौरान पार्टी ने आरोप लगाया कि SGPC के आम चुनाव करीब 15 वर्षों से नहीं कराए गए हैं। इसके कारण सिखों की इस प्रमुख धार्मिक संस्था में लोकतांत्रिक प्रक्रिया प्रभावित हो रही है।
 

पार्टी ने केंद्र सरकार से चुनाव कराने के रास्ते में आ रही कानूनी अड़चनों को दूर करने और जल्द चुनाव की घोषणा करने की मांग की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि चुनाव में हो रही देरी का समाधान किया जाना चाहिए।
 

करतारपुर कॉरिडोर और बंदी सिंहों की रिहाई के मुद्दे भी उठाए
 

मार्च के दौरान SGPC चुनाव के अलावा करतारपुर साहिब कॉरिडोर को दोबारा खोलने और अपनी सजा पूरी कर चुके बंदी सिंहों की रिहाई सहित अन्य पंथक मुद्दे भी उठाए जाने थे।
 

इस प्रदर्शन में श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह, वरिष्ठ अकाली नेता पीर मोहम्मद, पंजाब के अन्य नेताओं और दिल्ली की सिख संगत ने हिस्सा लिया।
 

रकाबगंज साहिब परिसर में हुई बैठक
 

मार्च से पहले गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब परिसर में एक बैठक भी आयोजित की गई। इसमें दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के नेताओं ने भाग लिया। बैठक में SGPC चुनावों को केंद्र सरकार की ओर से लंबित रखे जाने के मुद्दे पर चर्चा हुई।
 

बैठक के बाद गुरुद्वारा रकाबगंज साहिब से पंडित मार्ग की ओर मार्च शुरू किया गया। दिल्ली पुलिस ने इसे रास्ते में रोक दिया और ज्ञानी हरप्रीत सिंह सहित अन्य प्रमुख नेताओं को हिरासत में ले लिया।

Latest News