गबन मामले में जल संसाधन विभाग का रिटायर्ड जेई गिरफ्तार
विजिलेंस विभाग ने जल संसाधन विभाग, मानसा के एक सेवानिवृत्त जूनियर इंजीनियर (जेई) को गबन के आरोप में गिरफ्तार किया है। आरोपी पर मोगों की मरम्मत और अन्य कार्यों के दौरान घटिया सामग्री का उपयोग कर लाखों रुपये के गबन का आरोप है। विजिलेंस विभाग के अनुसार, इस मामले में जल संसाधन प्रबंधन विभाग के दो अधिकारियों सहित कुल छह लोगों को नामजद किया गया है। हालांकि विभाग ने फिलहाल अन्य आरोपियों के नाम सार्वजनिक नहीं किए हैं और उनकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। विजिलेंस इंस्पेक्टर नगिंदर सिंह की अगुवाई में गुरुवार को बुढ़लाडा स्थित सेवानिवृत्त जेई हरचरण सिंह के आवास पर छापा मारकर उसे गिरफ्तार किया गया। जांच अधिकारी ने बताया कि इस मामले की शिकायत वर्ष 2018 में अमरीक सिंह नामक व्यक्ति द्वारा की गई थी। लंबी विभागीय जांच के बाद यह सामने आया कि कार्यों में घटिया सामग्री का इस्तेमाल किया गया, जिससे सरकारी धन का दुरुपयोग हुआ। इसके बाद 25 मार्च 2026 को हरचरण सिंह और अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। जांच में यह भी सामने आया कि जल संसाधन प्रबंधन विभाग द्वारा गांव बच्छोआणा में बनाए गए मोगों के निर्माण और मरम्मत कार्यों में घटिया सामग्री का उपयोग किया गया, जिससे लगभग 5 लाख 40 हजार रुपये का गबन हुआ। विजिलेंस विभाग ने बताया कि मामले में शामिल अन्य कर्मचारियों की भूमिका भी जांच में सामने आई है। फिलहाल गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ जारी है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
Posted By: Daily Suraj Bureau