पश्चिमी विक्षोभ का असर: पंजाब के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश
पंजाब में बीती रात एक बार फिर मौसम ने अचानक करवट बदल ली। पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव के चलते पाकिस्तान वाले हिस्से से उठे काले बादल पंजाब के सीमावर्ती इलाकों में पहुंचे, जिसके बाद कई जगहों पर तेज आंधी के साथ भारी बारिश हुई। प्राप्त जानकारी के अनुसार रात करीब 11 से 12 बजे के बीच मौसम में अचानक बदलाव देखा गया। पहले तेज रफ्तार से आंधी चली और इसके बाद बारिश शुरू हो गई। इस दौरान हवाओं की गति 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे तक दर्ज की गई। इस बारिश से जहां लोगों को गर्मी से राहत मिली है, वहीं किसानों की चिंता बढ़ गई है। खासकर मंडियों में पड़ी गेहूं की फसल के भीगने की खबरें सामने आई हैं, जिससे नुकसान की आशंका जताई जा रही है। इसके अलावा नरमा पट्टी के इलाकों में नरमा बोने वाले किसानों की मुश्किलें भी बढ़ गई हैं। बारिश के कारण फसल के खराब होने का खतरा पैदा हो गया है, जिससे उत्पादन प्रभावित हो सकता है। मौसम विभाग के अनुसार बीती रात बठिंडा में 20.6 मिमी, फरीदकोट में 17.2 मिमी और फिरोजपुर में 19 मिमी बारिश दर्ज की गई। वहीं रूपनगर में डेढ़ मिमी बारिश हुई। इसके अलावा अमृतसर, तरनतारन, लुधियाना और जालंधर समेत कई अन्य क्षेत्रों में भी हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
Posted By: Daily Suraj Bureau