Daily Suraj

हिन्दी

जगराओं में आग का तांडव, लकड़ी और प्लाई के कारण मिनटों में फैली लपटें

16 May, 2026 05:55 PM

पंजाब के जगराओं में शुक्रवार को एक फर्नीचर फैक्ट्री में भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया। फैक्ट्री के अंदर बड़ी मात्रा में लकड़ी, प्लाई और तैयार व कच्चा फर्नीचर सामग्री रखी होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। जानकारी के अनुसार दोपहर करीब 3:30 बजे फैक्ट्री के अंदर से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया। देखते ही देखते धुआं काले गुबार में बदल गया और कुछ ही समय में आग ने पूरी फैक्ट्री को घेर लिया। आग इतनी भयंकर थी कि उसकी ऊंची लपटें और काले धुएं का गुबार करीब दो किलोमीटर दूर तक दिखाई दे रहा था। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। फैक्ट्री में काम कर रहे लगभग 50 कर्मचारियों ने समय रहते बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंच गईं। आग बुझाने के लिए फायर ब्रिगेड की 14 गाड़ियों को लगाया गया। करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रशासन द्वारा नुकसान का आकलन भी किया जा रहा है।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News