मनाली से दिल्ली जा रही बस दुर्घटनाग्रस्त, कई यात्री गंभीर रूप से घायल
शुक्रवार सुबह मोहाली के जीरकपुर स्थित छत लाइट चौक के पास एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। मनाली से दिल्ली जा रही यात्रियों से भरी एक निजी बस की ट्रक के साथ जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बस पलट गई, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 20 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं। जानकारी के अनुसार, हादसे के समय बस में करीब 45 यात्री सवार थे। दुर्घटना के बाद कई यात्री सीटों से गिर गए, जबकि कुछ बस के अंदर ही फंस गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से यात्रियों को बाहर निकाला गया और राहत कार्य शुरू किया गया। हादसे में एक युवक बस के नीचे दब गया, जिससे उसकी बांह पर गंभीर चोट आई है। उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। सभी घायलों को पहले डेराबस्सी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से कई गंभीर रूप से घायल यात्रियों को चंडीगढ़ के सेक्टर-32 अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, यह दुर्घटना उस समय हुई जब मनाली से दिल्ली जा रही बस जीरकपुर के छत लाइट चौक पर पहुंची। इसी दौरान जीरकपुर से पटियाला की ओर जा रहा एक ट्रक बस से टकरा गया। टक्कर के बाद बस चालक ने वाहन से नियंत्रण खो दिया, जिसके चलते बस पलट गई। घटना के बाद पुलिस और स्थानीय निवासियों ने मिलकर सड़क से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाने का काम किया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
Posted By: Daily Suraj Bureau