Daily Suraj

हिन्दी

रूस के राष्ट्रपति पुतिन का दो दिवसीय भारत दौरा तय

19 May, 2026 05:30 PM

रूस के राष्ट्रपति Vladimir Putin इस वर्ष सितंबर में भारत का दौरा करेंगे। रूसी सरकार ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। बताया गया है कि राष्ट्रपति पुतिन 12 और 13 सितंबर को नई दिल्ली में आयोजित होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेंगे। क्रेमलिन ने भी पुष्टि की है कि राष्ट्रपति पुतिन दो दिनों के लिए भारत आएंगे। इस दौरे को भारत और रूस के बीच रणनीतिक और कूटनीतिक संबंधों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री Narendra Modi ने दिसंबर 2025 में पुतिन के भारत दौरे के दौरान उन्हें आधिकारिक रूप से BRICS सम्मेलन में शामिल होने का निमंत्रण दिया था। एक वर्ष के भीतर पुतिन का यह दूसरा भारत दौरा होगा। इससे पहले वह दिसंबर 2025 में भारत आए थे, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के साथ 23वें भारत-रूस वार्षिक शिखर सम्मेलन में भाग लिया था। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष भारत BRICS समूह की अध्यक्षता कर रहा है। BRICS दुनिया की प्रमुख उभरती अर्थव्यवस्थाओं का समूह है, जिसमें भारत, रूस, चीन, ब्राज़ील और दक्षिण अफ्रीका के अलावा अब मिस्र, ईरान, इथियोपिया, यूएई और इंडोनेशिया जैसे नए सदस्य देश भी शामिल हो चुके हैं। भारत की अध्यक्षता के दौरान पूरे वर्ष देश के विभिन्न शहरों में कई बैठकें, मंत्री स्तरीय सम्मेलन और कार्यकारी समूहों की चर्चाएं आयोजित की जा रही हैं। नई दिल्ली में होने वाला BRICS शिखर सम्मेलन इस श्रृंखला का सबसे महत्वपूर्ण आयोजन माना जा रहा है।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News