पंजाब में फिर बदलेगा मौसम का मिजाज: 28 अक्टूबर से बारिश के आसार, मौसम विभाग ने जारी किया 'येलो अलर्ट'
पंजाब में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलने की संभावना बन रही है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, आज 27 अक्टूबर को राज्य भर में मौसम मुख्य रूप से शुष्क बना रहेगा। हालांकि, आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम भारत में नए मौसमी सिस्टम के सक्रिय होने के कारण 28 से 30 अक्टूबर के दौरान पंजाब के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए बताया है कि 29 और 30 अक्टूबर को राज्य के विभिन्न हिस्सों में बादलों की गरज और बिजली चमकने के साथ-साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने के आसार हैं। इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए विभाग की ओर से 'येलो अलर्ट' जारी किया गया है।पश्चिमी विक्षोभ का प्रभावमौसम में आ रहे इस बदलाव के कारणों की जानकारी देते हुए मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि उत्तरी हरियाणा के ऊपर एक पश्चिमी विक्षोभ चक्रवातीय परिसंचरण (Cyclonic Circulation) के रूप में बना हुआ है। यह समुद्र तल से लगभग 3.1 से 4.5 किलोमीटर की ऊंचाई पर स्थित है। इसके अलावा, 27 अक्टूबर की रात से एक नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इसी मौसमी प्रणाली के असर से पंजाब और इसके आसपास के इलाकों में बारिश और हवाओं का दौर शुरू होगा। दिन और रात के तापमान में अंतरफिलहाल पंजाब और चंडीगढ़ में दिन के समय तेज धूप खिलने से मौसम गर्म बना हुआ है, जबकि रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। दिन और रात के तापमान में आ रहे इस बड़े अंतर की वजह से सुबह और शाम के समय हल्की ठंड का अहसास बढ़ गया है। आने वाले दिनों में संभावित बारिश के बाद तापमान में और गिरावट आने का अनुमान है।