पंजाब-चंडीगढ़ में बिगड़ेगा मौसम, अगले दिनों में तापमान में गिरावट संभव
पंजाब और चंडीगढ़ में शुक्रवार और शनिवार को मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने गरज-चमक, बिजली गिरने, तेज हवाओं और ओलावृष्टि को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हवा की गति 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक रहने की संभावना है। मौसम विभाग, चंडीगढ़ के अनुसार राज्य के कुल 22 जिले इस मौसम बदलाव से प्रभावित होंगे। इनमें से 12 जिलों—पठानकोट, होशियारपुर, रूपनगर, गुरदासपुर, नवांशहर, फतेहगढ़ साहिब, पटियाला, मोहाली, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला और जालंधर—में गरज के साथ ओलावृष्टि होने की आशंका है। वहीं, सभी जिलों में बादल छाए रहने की संभावना जताई गई है। इसके अलावा 10 जिलों—फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा, बठिंडा, लुधियाना, बरनाला, मानसा और संगरूर—में तेज हवाओं के साथ गरज और बिजली गिरने की संभावना है। बारिश के संदर्भ में 14 जिलों में हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है। इनमें पठानकोट, होशियारपुर, नवांशहर और रूपनगर के कई क्षेत्र तथा गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, कपूरथला, जालंधर, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर और मोहाली के कुछ स्थान शामिल हैं। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल के अनुसार 3, 4, 7 और 8 अप्रैल को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है, जबकि 5 और 6 अप्रैल को भी विभिन्न स्थानों पर बारिश की संभावना बनी रहेगी। उन्होंने यह भी बताया कि 7 अप्रैल से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नई पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने से मौसम फिर से प्रभावित हो सकता है। अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई विशेष बदलाव की संभावना नहीं है, हालांकि इसके बाद आने वाले तीन दिनों में तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
Posted By: Daily Suraj Bureau