Daily Suraj

हिन्दी

ब्रिटिश कोलंबिया में कंजर्वेटिव सरकार का गठन, 63 सीटें जीतने के बाद सात पंजाबियों को पद

21 Nov, 2026 05:56 PM

कनाडा के ब्रिटिश कोलंबिया प्रांत में कंजर्वेटिव पार्टी ने मध्यावधि चुनाव में बड़ी जीत हासिल करने के करीब एक महीने बाद नई सरकार का गठन कर लिया है। इस सरकार में सात पंजाबी मूल के नेताओं को जगह मिली है। इनमें तीन को मंत्री और चार को संसदीय सचिव बनाया गया है।
 

मुख्यमंत्री लार्न डॉर्कसन के नेतृत्व में हुए शपथ ग्रहण समारोह में 24 मंत्रियों और 12 संसदीय सचिवों ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ली। हालांकि, विभागों के बंटवारे को देखें तो पंजाबी नेताओं को कुछ प्रमुख विभागों से दूर रखा गया है।
 

जैसी सहोता को सॉलिसिटर जनरल और लोक सुरक्षा विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जीशन वाहला को आवास विभाग में राज्य मंत्री बनाया गया है, जबकि हरमन भंगू को श्रम विभाग का राज्य मंत्री नियुक्त किया गया है।
 

चार संसदीय सचिवों में स्टीव कूनर को बीमा निगम की निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है। मनदीप धालीवाल को खेल और सांस्कृतिक मामलों से जोड़ा गया है। जोडी तूर पर्यटन विभाग से संबंधित जिम्मेदारियां संभालेंगे, जबकि हरज धालीवाल को सरकारी परिवहन संस्था ट्रांसलिंक की निगरानी सौंपी गई है।
 

सत्तारूढ़ कंजर्वेटिव पार्टी ने 92 सदस्यीय विधानसभा में 63 सीटें जीतकर रिकॉर्ड बनाया है। इससे पहले पिछले नौ वर्षों से न्यू डेमोक्रेटिक पार्टी (एनडीपी) ग्रीन पार्टी के दो विधायकों के समर्थन से मामूली बहुमत वाली सरकार चला रही थी। जुलाई 2017 में एनडीपी ने 12 वर्षों से सत्ता में काबिज लिबरल पार्टी को हटाकर सरकार बनाई थी।
 

नई 24 सदस्यीय कैबिनेट में आठ महिलाओं को शामिल किया गया है। वहीं, एनडीपी की पिछली सरकारों में मंत्रिमंडल में महिलाओं और पुरुषों के बीच संतुलन बनाए रखने की परंपरा रही थी।
 

गौरतलब है कि एनडीपी नेता डेविड ईबी के नेतृत्व वाली पिछली सरकार का कार्यकाल अभी दो साल बाकी था। ईबी ने दो साल का अतिरिक्त कार्यकाल हासिल करने की उम्मीद में विधानसभा भंग कर मध्यावधि चुनाव कराने का फैसला लिया था। हालांकि, उनका यह दांव उलटा पड़ गया। सत्ता में दो साल और बने रहने की कोशिश में वह मौजूदा कार्यकाल के शेष दो साल भी गंवा बैठे।

Latest News