Daily Suraj

हिन्दी

कनाडा के डेल्टा में दर्दनाक हादसा: ट्वावासन मॉल के पास बेकाबू पिकअप ट्रक ने लोगों को कुचला, दो की मौत और कई घायल

01 Oct, 2026 07:21 AM

कनाडा के डेल्टा स्थित ट्वावासन मॉल (Tsawwassen Mills) के पास मूल निवासियों (फर्स्ट नेशंस) द्वारा आयोजित किए जा रहे वार्षिक मेले और मार्च के दौरान एक भीषण सड़क हादसा सामने आया है। एक अनियंत्रित पिकअप ट्रक के भीड़ में घुस जाने के कारण दो लोगों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा, कई अन्य मामूली घायलों को घटनास्थल पर ही प्राथमिक उपचार दिया गया। डेल्टा पुलिस ने इस घटना के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि शुरुआती जांच के अनुसार हादसे के वक्त वाहन चालक की शारीरिक स्थिति अचानक बिगड़ गई थी। चालक को अचानक चक्कर आने या मेडिकल इमरजेंसी का सामना करना पड़ा होगा, जिसकी वजह से पिकअप ट्रक पर से उसका नियंत्रण छूट गया। पुलिस ने स्पष्ट किया कि इस दुर्घटना का मूल निवासियों के मार्च या किसी सुनियोजित साजिश से कोई संबंध नहीं है। हालांकि, मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि घायलों में से कई लोगों ने नारंगी रंग की टी-शर्ट पहनी हुई थी, जिससे यह प्रतीत होता है कि वे उस मार्च का हिस्सा थे। यह दुर्घटना डेल्टा फेरी टर्मिनल और डेल्टा पोर्ट से बहुत थोड़ी दूरी पर हुई। इस दुखद दुर्घटना पर कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए सरकार की ओर से हरसंभव मदद मुहैया कराने का भरोसा दिया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पिकअप ट्रक 'अल्पाइन सर्विसेज' नामक कंपनी से संबंधित था, जो उक्त मॉल में साफ-सफाई का कार्य संभालती है। स्थानीय पुलिस द्वारा इस पूरे मामले की गहनता से आगे की जांच की जा रही है।

Latest News