धूरी क्षेत्र के किसानों को बड़ी राहत, 25 किलोमीटर लंबी भूमिगत पाइपलाइन बिछेगी
पंजाब लघु उद्योग एवं निर्यात निगम के चेयरमैन दलबीर सिंह ढिल्लों ने विधानसभा क्षेत्र धूरी के गांव लड्डा में नहरी पानी की भूमिगत पाइपलाइन बिछाने की महत्वपूर्ण परियोजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी और किसान उपस्थित रहे। दलबीर सिंह ढिल्लों ने जानकारी देते हुए बताया कि इस परियोजना पर लगभग 3.5 करोड़ रुपये की लागत आएगी। इसके तहत करीब 25 किलोमीटर लंबी भूमिगत पाइपलाइन बिछाई जा रही है। किसानों की सुविधा के लिए 5 मोगे भी लगाए जाएंगे, जिससे नहरी पानी की आपूर्ति को अधिक व्यवस्थित और समय पर सुनिश्चित किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार किसानों के कल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि “हर खेत तक पानी” पहुंचाना सरकार का मुख्य लक्ष्य है और इसी दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। दलबीर सिंह ढिल्लों ने बताया कि इस प्रकार की परियोजनाओं से न केवल पानी की बचत होगी, बल्कि खेतों तक पानी का समान वितरण भी सुनिश्चित किया जा सकेगा। भूमिगत पाइपलाइन प्रणाली से पानी की बर्बादी कम होगी और किसानों को सिंचाई के लिए बेहतर सुविधा मिलेगी। उन्होंने आगे कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र के सैकड़ों एकड़ कृषि क्षेत्र को सीधा लाभ मिलेगा। इससे कृषि उत्पादन में वृद्धि होने के साथ किसानों की आय में भी सुधार आने की उम्मीद है। इस मौके पर क्षेत्र के लोगों ने पंजाब सरकार और चेयरमैन दलबीर सिंह ढिल्लों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह परियोजना लंबे समय तक किसानों और ग्रामीणों के लिए बड़ी सुविधा साबित होगी।
Posted By: Daily Suraj Bureau