दनौदा में बायो गैस प्लांट को लेकर विवाद, ग्रामीणों ने सुधार की चेतावनी दी
हरियाणा के जींद जिले के गांव दनौदा में चल रहे एक कंपनी के बायो एनर्जी प्लांट के खिलाफ बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विरोध प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि प्लांट से लगातार तेज दुर्गंध फैल रही है, जिससे आसपास के लोगों का जीवन प्रभावित हो रहा है और उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार प्लांट से उठने वाली बदबू के कारण क्षेत्र का वातावरण दूषित हो गया है और इससे लोगों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। उनका कहना है कि इस प्लांट में बायो गैस उत्पादन के लिए केवल गोबर और पराली का उपयोग किया जाना था, लेकिन प्लांट के अधिकारियों द्वारा गन्ने की मैल का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसी कारण पूरे इलाके में दुर्गंध फैल रही है और वातावरण असहनीय हो गया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि कंपनी ने जल्द ही इस समस्या का समाधान नहीं किया तो गांव की पंचायत बुलाकर आगे की कार्रवाई का निर्णय लिया जाएगा। प्लांट के मुख्य गेट पर ग्रामीणों के एकत्र होने की सूचना मिलने के बाद मौके पर पुलिस भी पहुंच गई और स्थिति पर नजर रखी। इस संबंध में कंपनी के प्रबंधक रेशम सिंह ने बताया कि यह प्लांट करीब 10 दिन पहले ही शुरू किया गया है। प्लांट को संचालित करने के लिए गोबर की आवश्यकता होती है, लेकिन गोबर की पर्याप्त आपूर्ति नहीं होने के कारण फिलहाल गन्ने की मैल का उपयोग किया गया है, जिससे यह समस्या उत्पन्न हुई है। उन्होंने कहा कि लगभग 20 दिन बाद यह प्लांट केवल पराली पर ही संचालित किया जाएगा और उसके बाद दुर्गंध की समस्या नहीं रहेगी।
Posted By: Daily Suraj Bureau