विदेश बसने के लिए शादी का आरोप, चार लोगों पर केस दर्ज
विदेश जाने की होड़ और कनाडा की स्थायी नागरिकता (PR) हासिल करने की चाहत से जुड़े धोखाधड़ी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं। ऐसा ही एक मामला लुधियाना में दर्ज किया गया है, जहां कपूरथला की एक युवती पर आरोप है कि उसने कनाडा में PR मिलने के बाद अपने पति और ससुराल से संबंध तोड़ लिए। जानकारी के अनुसार, कपूरथला निवासी युवती की शादी लुधियाना में करीब दो वर्ष पहले हुई थी। विवाह के कुछ समय बाद वह अपने पति के साथ कनाडा चली गई। आरोप है कि कनाडा पहुंचने और PR प्राप्त करने के बाद उसने अपने पति को छोड़ दिया और किसी अन्य स्थान पर रहने लगी। पीड़ित पति ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन युवती ने वापस आने से इनकार कर दिया। इसके बाद युवक ने अपने परिजनों को इसकी जानकारी दी और लुधियाना पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई। परिवार का आरोप है कि युवती ने केवल कनाडा की PR हासिल करने के उद्देश्य से उनके बेटे से विवाह किया था। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच के बाद युवती, उसके पिता और भाई सहित कुल चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। लुधियाना के अमन नगर निवासी जर्नैल सिंह ने अपनी शिकायत में बताया कि उनका बेटा मान सिंह कनाडा का स्थायी निवासी है। उसका विवाह 10 फरवरी 2024 को कपूरथला के गांव रीहाना जट्टां की रहने वाली अमनदीप कौर से हुआ था। शादी के बाद मान सिंह अपनी पत्नी को कनाडा ले गया था। जर्नैल सिंह ने आरोप लगाया कि उनकी बहू ने उनके बेटे का इस्तेमाल केवल विदेश में बसने के लिए किया और PR मिलने के बाद उसे छोड़ दिया। पुलिस ने अमनदीप कौर, उसके पिता बलबीर सिंह, जसवीर सिंह और गांव भोरा (कपूरथला) निवासी गुरविंदर सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
Posted By: Daily Suraj Bureau