Daily Suraj

हिन्दी

मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट, तेज हवाओं के साथ गरज-तूफान की आशंका

07 Apr, 2026 01:18 PM

पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम ने अचानक करवट ले ली है। मौसम विभाग के अनुसार 7 और 8 अप्रैल को राज्य के कई हिस्सों में गरज-तूफान, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना है। इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने का अनुमान है। हालात को देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिमी विक्षोभ के पहाड़ी क्षेत्रों तक पहुंचने के बाद इसके प्रभाव से मौसम में बदलाव आया है। इस दौरान लगभग सभी जिलों में मौसम प्रभावित रहेगा। करीब 13 जिलों में ओलावृष्टि और गरज-तूफान की संभावना जताई गई है, जबकि अन्य जिलों में गरज-तूफान और बिजली गिरने की आशंका है। नवांशहर, कपूरथला, जालंधर, लुधियाना, संगरूर, फतेहगढ़ साहिब, रूपनगर, पटियाला और मोहाली में गरज-तूफान की संभावना है। वहीं पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, होशियारपुर, बठिंडा, बरनाला, मानसा, फिरोजपुर, फाजिल्का, फरीदकोट, मुक्तसर, मोगा सहित कई जिलों में बारिश और ओलावृष्टि होने के आसार हैं। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार जम्मू-कश्मीर के आसपास सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ ऊपरी हवाओं में चक्रवाती प्रणाली की तरह कार्य कर रहा है, जिससे मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल ने बताया कि आज और कल राज्य के कुछ क्षेत्रों में ओलावृष्टि हो सकती है और दोनों दिन गरज, बिजली और तेज हवाओं का असर रहेगा। उन्होंने कहा कि 7 अप्रैल को कई स्थानों पर और 8 अप्रैल को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके बाद मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। अगले 24 घंटों में तापमान स्थिर रहेगा, जबकि इसके बाद 48 घंटों में तापमान 4 से 5 डिग्री तक गिर सकता है और फिर धीरे-धीरे बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News