संजय दत्त-नोरा फतेही के गाने पर विवाद, यूट्यूब से हटाया गया ट्रैक
अभिनेता संजय दत्त और अभिनेत्री नोरा फतेही के हाल ही में जारी गाने “Sarke Chunar” को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। गाने के कथित आपत्तिजनक बोलों और संकेतात्मक कोरियोग्राफी को लेकर विरोध बढ़ने के बाद निर्माताओं ने इसे यूट्यूब से हटा लिया है। ताजा जानकारी के अनुसार, निर्माता अब इस गाने के नए संस्करण पर काम कर रहे हैं, जिसमें बदले हुए बोल शामिल होंगे। इस नए वर्जन को जल्द जारी किए जाने की संभावना जताई जा रही है। हालांकि, इसके रिलीज की सटीक तारीख अभी सामने नहीं आई है। यह फैसला गाने को लेकर उठे विवाद को ध्यान में रखते हुए लिया गया है। हाल ही में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग (NHRC) ने “Sarke Chunar” में कथित आपत्तिजनक और दोहरे अर्थ वाले शब्दों के इस्तेमाल पर नोटिस जारी किया है। इसके अलावा, वकील और सामाजिक कार्यकर्ता विनीत जिंदल ने दिल्ली पुलिस के साइबर सेल में शिकायत दर्ज कराते हुए गाने के निर्माताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि गाने के बोल अश्लील हैं और सार्वजनिक रूप से प्रसारित किए जाने के लिए उपयुक्त नहीं हैं, खासकर तब जब यह विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध था। गाना रिलीज होने के बाद से ही इसे व्यापक आलोचना का सामना करना पड़ा, जिसमें कई लोगों ने इसके बोलों को अशोभनीय और अनुचित बताया।
Posted By: Daily Suraj Bureau