भाजपा की जीत के बाद ममता बनर्जी से मिले अखिलेश, चुनावी संघर्ष की सराहना की
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव बंगाल पहुंचे, जहां उन्होंने तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो ममता बनर्जी से मुलाकात की। राज्य में 15 साल पुराने टीएमसी शासन के समाप्त होने और भाजपा की जीत के बाद यह दोनों नेताओं की पहली मुलाकात रही। मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा को “दीदी” हमेशा से खटकती रही हैं। उन्होंने कहा कि भले ही इस बार चुनावी आंकड़े ममता बनर्जी के पक्ष में नहीं रहे, लेकिन उन्होंने एक योद्धा की तरह चुनाव लड़ा है। जानकारी के अनुसार, ममता बनर्जी खुद अखिलेश यादव का स्वागत करने के लिए गेट तक पहुंचीं। वहीं, उनके भतीजे और टीएमसी नेता अभिषेक बनर्जी ने अखिलेश यादव को गले लगाकर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान अखिलेश यादव ने ममता बनर्जी को शॉल भेंट कर सम्मानित किया और कहा, “दीदी, आप हारी नहीं हैं।” उन्होंने ममता बनर्जी और अभिषेक बनर्जी दोनों के चुनावी संघर्ष और हौसले की सराहना करते हुए कहा कि जिस तरह उन्होंने चुनाव लड़ा, वह प्रशंसनीय है। राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को पश्चिम बंगाल के बदलते राजनीतिक परिदृश्य के बीच अहम माना जा रहा है।
Posted By: Daily Suraj Bureau