Daily Suraj

हिन्दी

पंजाब-चंडीगढ़ में मौसम का मिजाज बदला, तेज हवाओं के साथ ओलावृष्टि के आसार

02 Apr, 2026 08:53 AM

पंजाब और चंडीगढ़ में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है। कुछ क्षेत्रों में हालिया बारिश और बादलों की वजह से अधिकतम तापमान में 1.2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है, जिससे तापमान सामान्य के करीब पहुंच गया है। 2 अप्रैल को मौसम शुष्क रहने की संभावना है, हालांकि शाम के बाद मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले दो दिनों में गरज-चमक, तेज हवाओं और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इस दौरान हवा की गति 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। आज अमृतसर, गुरदासपुर, होशियारपुर, कपूरथला, पटियाला और लुधियाना के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन पूरे पंजाब में व्यापक वर्षा की संभावना नहीं है। वहीं, 3 अप्रैल से राज्य के अधिकांश इलाकों में बारिश की गतिविधियां तेज होने की उम्मीद है। 1 अप्रैल को भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई थी, जबकि कुछ दूरदराज क्षेत्रों में ओलावृष्टि की घटनाएं सामने आई थीं। मौसम में इस बदलाव का कारण पूर्वी ईरान के पास बना एक नया पश्चिमी विक्षोभ है, जो धीरे-धीरे भारत की ओर बढ़ रहा है। यह सिस्टम वातावरण में नमी बढ़ा रहा है, जिससे मौसम में लगातार परिवर्तन हो रहा है। इसके प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत, विशेषकर पंजाब और चंडीगढ़ में बादल, बारिश और गरज-चमक की स्थिति बनी रहेगी। इसके अलावा, 7 अप्रैल को एक और पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे मौसम और अधिक अस्थिर हो सकता है तथा बारिश की संभावना बढ़ जाएगी। मौसम विभाग के निदेशक Surender Pal ने बताया कि 3 और 4 अप्रैल को राज्य के अधिकांश हिस्सों में वर्षा होने की संभावना है। आने वाले दो दिनों में तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की जा सकती है, जिसके बाद अगले दो दिनों में 3 से 4 डिग्री की गिरावट आने का अनुमान है। 5, 6 और 7 अप्रैल को भी कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News