स्पेशल डीजीपी अर्पित शुक्ला ने लिया होले मुहल्ला से पहले सुरक्षा प्रबंधों का जायजा
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के निर्देशों के तहत, श्री आनंदपुर साहिब में मनाए जाने वाले पवित्र त्योहार होला मुहल्ला 2026 के लिए पुख्ता सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने हेतु स्पेशल डायरेक्टर जनरल ऑफ पुलिस (स्पेशल डीजीपी) अर्पित शुक्ला ने आज सुरक्षा इंतजामों का विस्तृत जायजा लिया। यह वार्षिक तीन दिवसीय समागम 2 मार्च से 4 मार्च 2026 तक आयोजित होगा। डीआईजी रूपनगर रेंज नानक सिंह और एसएसपी रूपनगर मनिंदर सिंह के साथ समन्वय बैठक की अध्यक्षता करते हुए, स्पेशल डीजीपी ने निर्देश दिए कि दुनिया भर से आए लाखों श्रद्धालुओं के लिए सभी आवश्यक सुविधाएं और सुरक्षा इंतजाम पुख्ता किए जाएँ। पूरे क्षेत्र को योजनाबद्ध ढंग से 12 सेक्टरों में विभाजित किया गया है और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए लगभग 5000 पुलिस कर्मियों को तैनात किया गया है। हवाई निगरानी और भीड़ प्रबंधन के लिए 6 ड्रोन तैनात किए गए हैं, जिनकी लाइव फीड केंद्रीय कंट्रोल रूम में देखी जाएगी। स्पेशल डीजीपी अर्पित शुक्ला ने सभी सेक्टर इंचार्ज और तैनात पुलिस बल को निर्देश दिए कि वे संगत के साथ नम्रता और सहयोगपूर्ण व्यवहार करें और समागम को सफल बनाने के लिए पूरी लगन और सतर्कता से कार्य करें। सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने बताया कि रूपनगर पुलिस ने होला मुहल्ला के शांतिपूर्ण और सुचारू संचालन के लिए कई नई पहल लागू की हैं, ताकि संगतों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए कुल 21 पार्किंग क्षेत्र निर्धारित किए गए हैं और कलर-कोडिंग योजना के माध्यम से मार्गदर्शन किया जाएगा। 100 ई-रिक्शा और 50 मिनी-बसें सहित 24 घंटे शटल सेवाएं पार्किंग क्षेत्रों पर उपलब्ध रहेंगी। संगतों को शटल बस सेवाओं, पार्किंग पॉइंट, चिकित्सा सुविधाओं और अन्य आवश्यक सेवाओं की जानकारी देने के लिए क्यूआर-कोड आधारित सूचना प्रणाली स्थापित की गई है। शहर की मुख्य सड़कों पर पीटीजेड और एएनपीआर कैमरे सहित लगभग 200 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिससे ट्रैफिक की वास्तविक समय में निगरानी हो सके। पुलिस स्टेशन आनंदपुर साहिब में सीसीटीवी कंट्रोल रूम के माध्यम से 24 घंटे लाइव निगरानी की जाएगी। पहली बार चरण गंगा स्टेडियम में प्रभावशाली भीड़ प्रबंधन के लिए तीन-स्तरीय बैरिकेडिंग प्रणाली लागू की जा रही है। उल्लेखनीय है कि होला मुहल्ला सिख भाईचारे की चढ़दीकला का प्रतीक है, जिसमें श्री आनंदपुर साहिब की पवित्र धरती पर जीवन के विभिन्न क्षेत्रों के लोगों की बड़ी भागीदारी होती है।
Posted By: Daily Suraj Bureau