Daily Suraj

हिन्दी

पटियाला-बठिंडा नेशनल हाईवे पर बड़ा हादसा: भाखड़ा नहर पर बना पुल ढहा, मलबे में फंसे दो ट्रक और एक में लगी आग

19 Nov, 2026 06:43 AM

पटियाला-संगरूर-बठिंडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर भाखड़ा नहर के ऊपर बना एक बेली पुल गुरुवार सुबह अचानक ढह गया। इस हादसे के दौरान पुल से गुजर रहे दो ट्रक नीचे गिरकर क्षतिग्रस्त ढांचे के मलबे में लटक गए, जिनमें से एक ट्रक में भीषण आग लग गई। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है, हालांकि ट्रक चालकों को चोटें आई हैं। प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना गुरुवार तड़के करीब 6 बजे गांव पसियाना के समीप उस समय घटित हुई, जब रेत से लदे ट्रक पुल को पार कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती विवरण के मुताबिक, हादसे के वक्त पुल से तीन वाहन गुजर रहे थे। जैसे ही पुल टूटने लगा, एक ट्रक का आधा हिस्सा पुल पर था, जिसके चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को तेजी से भगाकर सुरक्षित बाहर निकाल लिया। लेकिन पुल के बीचों-बीच मौजूद दो अन्य ट्रक (नंबर PB-03-BC-9456 और HR-63-B-4935) मलबे के साथ ही नीचे गिर गए। प्रारंभिक जांच में पुल गिरने का मुख्य कारण ओवरलोडिंग (अत्यधिक भार) माना जा रहा है, जो संभवतः पुल की निर्धारित भार क्षमता से अधिक था। हालांकि, हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए तकनीकी विशेषज्ञों की टीम जांच करेगी। पुल ढहने के बाद दोनों ट्रक लोहे के ढांचे में फंसकर नहर के ऊपर लटक गए, जबकि भाखड़ा नहर का पानी ढहे हुए हिस्से के ऊपर से बहने लगा। आसपास लोहे का जाल (जंगला) लगा होने के कारण वाहन पानी में बहने से बच गए, लेकिन इसी बीच एक ट्रक की तारों में शॉर्ट सर्किट होने से उसमें आग लग गई और वह जलकर नष्ट हो गया। सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की बचाव टीमें, पुलिस बल और दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। इस दुर्घटना में ट्रक नंबर PB-03-BC-9456 के चालक गुरजंट सिंह (निवासी गांव भाई रूपा, जिला बठिंडा) गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें पुलिस ने उपचार के लिए पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में भर्ती कराया है। हादसे के बाद प्रभावित हाईवे पर यातायात पूरी तरह रोक दिया गया है और वाहनों को वैकल्पिक मार्गों से डायवर्ट किया गया है। इस संबंध में प्रशासन का पक्ष जानने के लिए जिला मजिस्ट्रेट डॉ. हिमांशु अग्रवाल से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन न उठाने के कारण उनसे बात नहीं हो सकी। उल्लेखनीय है कि इस राष्ट्रीय राजमार्ग और पुल का निर्माण वर्ष 2016 में पूरा हुआ था। महज 10 साल के भीतर पुल के ढह जाने से इसकी गुणवत्ता और रखरखाव पर कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। किसानों ने जताई नहर के किनारे टूटने की आशंका घटना की सूचना पाकर क्रांतिकारी किसान यूनियन के नेता रणजीत सवाजपुर और बीकेयू क्रांतिकारी के नेता अवतार सिंह कौरजीवाला के नेतृत्व में बड़ी संख्या में स्थानीय किसान मौके पर पहुंचे। किसानों ने चिंता जताते हुए कहा कि पुल गिरने से भाखड़ा नहर के किनारों को नुकसान पहुंचा है। चूंकि नहर का पानी अब ढहे हुए हिस्से के ऊपर से बह रहा है, इसलिए प्रशासन को तुरंत नहर के किनारों को मजबूत करना चाहिए ताकि नहर टूटने के किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके।

Latest News