Daily Suraj

हिन्दी

पंजाब में छात्रों को मुफ्त स्कूल बैग मिलने शुरू, बैगों पर सीएम भगवंत मान की तस्वीर

21 Jul, 2026 09:02 AM

पंजाब सरकार ने राज्य के सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले 11वीं और 12वीं कक्षा के करीब चार लाख विद्यार्थियों को मुफ्त स्कूल बैग वितरित करने की शुरुआत कर दी है। मंगलवार को मोहाली जिले के विभिन्न सरकारी स्कूलों में स्कूल स्टाफ ने विद्यार्थियों को ये बैग वितरित किए। वितरित किए जा रहे बैग केसरिया रंग के हैं। इन पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान की तस्वीर छपी हुई है और साथ ही 'पंजाब शिक्षा क्रांति' लिखा गया है। पंजाब सरकार के निर्देशों के तहत इन सभी बैगों को पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा तैयार कराया गया है। सरकार की इस पहल का उद्देश्य 11वीं और 12वीं कक्षा के विद्यार्थियों को मुफ्त स्कूल बैग उपलब्ध कराना है। इन बैगों का वितरण राज्य के विभिन्न सरकारी स्कूलों में चरणबद्ध तरीके से किया जा रहा है। मुख्यमंत्री की तस्वीर वाले बैगों पर विपक्ष ने उठाए सवाल स्कूल बैगों पर मुख्यमंत्री भगवंत मान की तस्वीर छापे जाने को लेकर विपक्ष ने सवाल खड़े किए हैं। शिरोमणि अकाली दल के जिला अध्यक्ष परविंदर सिंह सोहाणा ने कहा कि मुख्यमंत्री शिक्षा का राजनीतिकरण कर रहे हैं। उनका कहना है कि अभिभावक-शिक्षक बैठक (PTM) के दौरान भी बच्चों को मुख्यमंत्री की तस्वीर वाले पुस्तिका वितरित किए जाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि स्वर्गीय प्रकाश सिंह बादल की तस्वीरों पर सवाल उठाने वाले मुख्यमंत्री भगवंत मान को अब सार्वजनिक योजनाओं और सामग्री पर अपनी तस्वीर के इस्तेमाल को लेकर भी जवाब देना चाहिए।

Posted By: Daily Suraj Bureau

Latest News