बेअदबी कानून पर आज श्री अकाल तख्त के समक्ष पेश होंगे स्पीकर कुलतार सिंह संधवां
पंजाब विधानसभा के स्पीकर कुलतार सिंह संधवां आज श्री अकाल तख्त साहिब सचिवालय में पेश होकर जत्थेदार कुलदीप सिंह गर्गज्ज को अपना स्पष्टीकरण सौंपेंगे। बताया जा रहा है कि उन्हें आम आदमी पार्टी सरकार द्वारा बनाए गए नए बेअदबी विरोधी कानून के संबंध में तलब किया गया था। यह मामला उस समय सामने आया जब श्री अकाल तख्त साहिब ने कानून बनाने की प्रक्रिया पर सवाल उठाए। जत्थेदार कुलदीप सिंह गर्गज्ज ने कहा कि बेअदबी जैसे संवेदनशील और धार्मिक विषय पर कानून बनाने से पहले पूरे पंथ की सामूहिक राय लेना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि सिख सम्मान और धार्मिक परंपराओं से जुड़े मामलों में श्री अकाल तख्त साहिब की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण मानी जाती है। ऐसे मामलों में उसकी अनदेखी करना उचित नहीं माना जा सकता। सूत्रों के अनुसार, स्पीकर संधवां आज अपने पक्ष को स्पष्ट करते हुए कानून से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर जानकारी देंगे। इस मुद्दे को लेकर पंजाब के धार्मिक और राजनीतिक हलकों में लगातार चर्चा जारी है।
Posted By: Daily Suraj Bureau